काशी को मिली देश की पहली हाइड्रोजन जलयान की सौगात,केंद्रीय मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


काशी को मिली देश की पहली हाइड्रोजन जलयान की सौगात,केंद्रीय मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

धनंजय सिंह | 11 Dec 2025

 

वाराणसी।देश की सांस्कृतिक राजधानी काशी को गुरुवार को देश की पहली हाइड्रोजन जलयान की सौगात मिली।हाइड्रोजन जलयान का संचालन गंगा में शुरू हुआ।केंद्रीय पत्तन,पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने काशी के नमो घाट से जलयान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।साथ ही जलयान पर सवार होकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक गए।बता दें कि हाइड्रोजन जलयान का किराया और बुकिंग का विकल्प अभी तक नहीं दिया गया है।जल्द ही आम लोगों को इस सेवा का लाभ मिलने लगेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत स्वच्छ,टिकाऊ और आत्मनिर्भर परिवहन प्रणालियों की ओर एक परिवर्तनकारी बदलाव देख रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे पहले स्वदेशी हाइड्रोजन ईंधन चालित जलयान का शुभारंभ प्रधानमंत्री के इस दृष्टिकोण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। 

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री की मेक इन इंडिया की प्रतिबद्धता और सभी क्षेत्रों में हरित परिवहन की ओर बदलाव को दर्शाती है।यह उपलब्धि हमारी पवित्र गंगा के पुनरुद्धार और संरक्षण के व्यापक मिशन को भी मजबूत करती है।सोनोवाल ने कहा कि जलमार्गों पर स्वच्छ तकनीकों को बढ़ावा देते हुए,हम न केवल नवाचार को प्रोत्साहित कर रहे हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि विकास पर्यावरण के प्रति हमारे दायित्व के साथ-साथ चले। आज की यह उपलब्धि हमारे राष्ट्र के लिए एक हरित और समृद्ध समुद्री भविष्य के निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री के अटूट संकल्प को दर्शाती है।

बता दें कि हाइड्रोजन जलयान ब्रिटिश टेक्नोलॉजी के आधार पर भारत में बना है।यह जलयान कोच्चि शिपयार्ड में 10 करोड़ की लागत से निर्मित है। यह 50 सीटर क्षमता का स्वदेसी जलयान है।एक बार चार्ज होने पर आठ घंटे चलता है। इसमें चार सिलेंडर लगे हैं। बैकअप के लिए इलेक्ट्रिक (बैटरी) से भी संचालन होगा। 28 मीटर लम्बे और 5.8 मीटर चौड़ाई वाले जलयान पर 10 क्रू मेम्बर तैनात होंगे। 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गंगा में संचालित होगा। इसमें सुरक्षा के सभी उपाय किए गए हैं। जलयान में ईधन भरने के लिए राल्हूपुर (रामनगर) स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल पर हाइड्रोजन फ्यूल स्टेशन भी बनाया गया है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved