नई दिल्ली।केंद्र शासित राज्य दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान के लिए अब पांच दिन बाकी हैं,लेकिन उससे पहले ही आम आदमी पार्टी में भगदड़ मच गई है।आप को बड़ा झटका लगा है।आप के 8 विधायक और कुछ वर्तमान और पूर्व पार्षद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। चुनाव से पहले इतनी बड़ी संख्या में प्रमुख आप नेताओं का भाजपा में शामिल होना केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
बता दें कि सात विधायकों के बाद कल गुरुवार को आठवें विधायक ने भी इस्तीफा दे दिया।मादीपुर से आम आदमी पार्टी के विधायक गिरीश सोनी ने इस्तीफा दे दिया। इससे पहले अब तक सात विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। कुल 8 विधायकों के इस्तीफे ने पार्टी के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।बताया जा रहा है कि आप के ये विधायक चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज थे।
जानें कौन-कौन आप नेता भाजपा में हुए शामिल
भावना गौर पालम से विधायक (दो बार की विधायक)
मदन लाल कस्तूरबा नगर से तीन बार के विधायक
गिरीश सोनी तीन बार के विधायक
राजेश ऋषि दो बार के विधायक
नरेश यादव विधायक
पवन शर्मा विधायक
रोहित मेहरोलिया विधायक
बिजेंद्र गर्ग पूर्व विधायक
अजय राय निगम पार्षद
इस मौके पर भाजपा नेता बैजयंत पांडा ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है और चुनाव के तीन दिन पहले इतनी बड़ी संख्या में विधायक,पार्षद और पदाधिकारी गण आपदा से मुक्ति पा गए हैं और अब दिल्ली की आपदा से मुक्ति पाने की बारी है।पांडा ने कहा कि सबसे बड़ी लोकतांत्रिक और ट्रांसपेरेंट पार्टी में सबका स्वागत है।हम दुनिया की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था हो गए हैं और जल्द ही भारत तीसरा सबसे बड़ा देश बनने जा रहा है।दुनिया आज हमारी प्रशंसा कर रहा है।इस तरह से देश में जो प्रगति हो रही है, सबका विकास हो रहा है और युवा, महिला और समाज का हर वर्ग आगे बढ़ रहा है।
बैजयंत पांडा ने कहा कि दिल्ली देश की जैसी राजधानी होना चाहिए।हम उस तरह की दिल्ली बनाने का प्रयास करेंगे। इसके लिए दिल्ली में सत्ता का परिवर्तन जरूरी है और हम भाजपा में विश्वास करते हैं कि देश सबसे ऊपर होता है फिर पार्टी और व्यक्ति होता है।
बैजयंत पांडा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि यह सिर्फ चुनाव के वक्त ही होता है।आज समय आ चुका है कि दिल्ली की प्रगति करने के लिए मोदी जी की जो गारंटी है उसे दिल्ली में लाया जाए।आप झूठ पर झूठ फैला रही है,साफ पानी,साफ यमुना का वायदा था,लेकिन क्या हुआ,घोटाले पर घोटाला हुआ है, जलबोर्ड,दिल्ली डीटीसी और राशनकार्ड में घोटाला हुआ है। जब कोविड में दिल्ली फंसा हुआ था तब उस व्यक्ति ने शीशमहल बनाया।