दिल्ली में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की तारीख सामने आ गई है। दिल्ली नगर निगम के सचिव की ओर से जारी किए गए नोटिस के मुताबिक, ये चुनाव 25 अप्रैल को होगी।
नई दिल्ली।केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के तारीख का ऐलान हो गया है।दिल्ली नगर निगम के सचिव की ओर से जारी किए गए नोटिस के मुताबिक, दिल्ली में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 25 अप्रैल को होगा।नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अप्रैल है। मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 25 अप्रैल को दोपहर 2 बजे एमसीडी की बैठक के दौरान होगा।
नोटिस में क्या बताया गया
दिल्ली नगर निगम के सचिव शिवा प्रसाद की ओर से जारी किए गए नोटिस में लिखा है कि दिल्ली नगर निगम की अप्रैल की ऑर्डिनरी बैठक शुक्रवार 25 अप्रैल को 2 बजे अरुणा आसफ अली सभागार चौथे तल ए ब्लॉक,डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सैन्टर,जवाहर लाल नेहरू मार्ग, नई दिल्ली में होगी,जिसमें महापौर व उपमहापौर (मेयर-डिप्टी मेयर) का चुनाव भी होगा। इसे महापौर के आदेश से जारी किया जाता हैं।
कौन हैं वर्तमान मेयर
आम आदमी पार्टी के नेता महेश कुमार खिची वर्तमान में दिल्ली नगर निगम के मेयर हैं।महेश कुमार ने बीते साल नवंबर महीने में भाजपा के किशन लाल को 3 वोटों के छोटे से अंतर से हराकर मेयर का चुनाव जीता था। तब चुनाव में कुल 265 वोटों में से आम आदमी पार्टी के महेश कुमार खिची को 133 वोट और भारतीय जनता पार्टी के किशन लाल को 130 वोट मिले थे। वहीं 2 वोटों को रद्द कर दिया गया था।
दिल्ली में हर साल बदलता है मेयर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में साल 2022 के दिसंबर में हुए MCD चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की थी। इसके बाद आप की शैली ओबेरॉय मेयर चुनी गई थीं। दिल्ली में हर वित्तीय वर्ष के खत्म होने के बाद एक नया मेयर आता है। मेयर के पद पर 5 साल में रोटेशन के आधार पर कार्यकाल बांटा जाता है। पहला साल महिलाओं के लिए, दूसरा साल ओपन, तीसरा साल आरक्षित श्रेणी के लिए और बाकी के दो साल ओपन कैटेगरी के लिए निर्धारित किया गया है।