भाजपा विधायक ने वंदे भारत में सामने खड़े होकर समर्थकों से यात्री को पिटवाया,पार्टी ने थमाया नोटिस,वीडियो वायरल 


भाजपा विधायक ने वंदे भारत में सामने खड़े होकर समर्थकों से यात्री को पिटवाया,पार्टी ने थमाया नोटिस,वीडियो वायरल 

धनंजय सिंह | 23 Jun 2025

 

झांसी।वीआईपी कही जाने वाली हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत में बबीना से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजीव सिंह पारीछा के सामने यात्री से मारपीट हुई थी।वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्री की पिटाई के मामले में एक हफ्ते बाद भाजपा एक्शन में दिखाई दी है। पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के इस मामले पर घेरने और घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने नोटिस जारी कर विधायक राजीव सिंह परीछा से स्पष्टीकरण मांगा है।कारण बताओ नोटिस में सात दिन के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है। समय पर स्पष्टीकरण और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर पार्टी द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश भाजपा महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि ट्रेन में किए गए आचरण की जानकारी मिली है,जिससे पार्टी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के निर्देश पर जारी नोटिस का जवाब सात दिनों में मांगा गया है।

घटना के बाद से ही बबीना से भाजपा विधायक राजीव पारीछा निशाने पर थे।सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा था।सोमवार को जो वीडियो सामने आया,उसमें कई भाजपा विधायक भी दिखाई दे रहे हैं।वीडियो में दिख रहा है कि भाजपा विधायक के समर्थक ट्रेन में घुसकर यात्री को बुरी तरह पीट रहे हैं।डिब्बे में मौजूद अन्य यात्रियों ने भी भाजपा विधायक की दबंगई को लेकर आक्रोश जताया था।ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि ‌क‌ई लोग यात्री की पिटाई कर रहे हैं।एक युवक हाथ में चप्पल लेकर पीट रहा है और कोच के किनारे पर खड़े भाजपा विधायक इस घटना को देख रहे हैं।इसके बाद हमलावरों में से एक युवक पीड़ित यात्री का बैग साथ ले जाते दिख रहा है,लेकिन उस बैग को उसने गेट पर रख दिया था,जिसे बाद में पीड़ित यात्री ने उठाया।

19 जून को निजामुद्दीन से रानी कमलापति जाने वाली वंदे भारत ट्रेन में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा क‌ई लोगों के साथ एक्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा कर रहे थे। भाजपा विधायक ने दबंगई दिखाते हुए यात्री से अपनी सीट बदलने के लिए कहा था,लेकिन यात्री ने विंडो सीट छोड़ने से इनकार कर दिया था। ट्रेन के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचने पर भाजपा विधायक के समर्थक ने ट्रेन में घुसकर यात्री को पीटा था। पिटाई में यात्री की नाक टूट गई थी।ट्रेन के रानी कमलापति स्टेशन पर पहुंचने के बाद पीड़ित सीधा अस्पताल पहुंचा और इलाज कराने पर मुकदमा दर्ज कराया था। 

भाजपा विधायक ने पहले ही जीआरपी में यात्री के खिलाफ अभद्रता करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पीड़ित यात्री का वीडियो सामने आने पर भाजपा विधायक ने घटना को उनके सामने से इनकार कर दिया था। मामला तूल पकड़ने पर जीआरपी ने वीडियो सामने आने पर कार्रवाई कर मामले को दबाने का पूरा प्रयास शुरू कर दिया था, लेकिन जीआरपी तक वीडियो तो पहुंचा नहीं सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved