दिल्ली में आप ने संगठन को दी नई ताकत,की सात लोकसभा उपाध्यक्षों की नियुक्ति


दिल्ली में आप ने संगठन को दी नई ताकत,की सात लोकसभा उपाध्यक्षों की नियुक्ति

संध्या त्रिपाठी | 14 Jul 2025

 

नई दिल्ली।गुजरात और पंजाब के उपचुनाव में जीत के बाद आम आदमी पार्टी के हौसले बुलंद हैं।अब आप ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर प्रदेश उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है।यह निर्णय पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारी के लिए लिया गया है।

आप ने प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के लिए एक उपाध्यक्ष नियुक्त किया है,ताकि स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और जनता तक पहुंच को बेहतर किया जा सके।इन नियुक्तियों को दिल्ली में आप की स्थिति को मजबूत करने और हाल के विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद संगठन को पुनर्जनन करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पूर्व सीएम आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये नियुक्तियां संगठन को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाएंगी।

विधायक कुलदीप कुमार को पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है,जरनैल सिंह को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है,राजेश गुप्ता को उत्तर-पश्चिम दिल्ली,ऋतुराज झा को नई दिल्ली की जिम्मेदारी मिली है।इनके अलावा दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट पर ब्रहम सिंह तंवर को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। संजीव झा को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लिए उपाध्यक्ष बनाया गया है। जितेंद्र तोमर को चांदनी चौक का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार उपाध्यक्षों को स्थानीय मुद्दों पर ध्यान देने और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।यह कदम दिल्ली में आप की नई रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जनता के बीच विश्वास बहाल करना और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करना है।

बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी ने झारखंड में भी प्रभारी और सहप्रभारी की नियुक्ति की थी। शिवचरण गोयल आप के झारखंड प्रभारी नियुक्त किए गए जबकि सुशील सिंह को सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। आम के नेताओं ने इन्हें बधाई दी है। झारखंड में पार्टी विस्तार के लिए यह आम आदमी पार्टी का अहम कदम माना जा रहा है।गुजरात-पंजाब जीत के बाद आप संगठन में लगातार बड़ा बदलाव कर रही है। वहीं, इससे पहले गुजरात और बिहार के विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ने का फैसला लिया है। अरविंद केजरीवाल ने साफ-साफ कह दिया था कि उनका अब इंडिया गठबंधन के साथ कोई नाता नहीं है।इंडिया गठबंधन से उनका नाता बस लोकसभा तक के लिए था।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved