चंद्रग्रहण 2025:बांकेबिहारी के नहीं होंगे दर्शन,द्वारिकाधीश के खुले रहेंगे पट, जानें किन मंदिरों का बदला गया समय


चंद्रग्रहण 2025:बांकेबिहारी के नहीं होंगे दर्शन,द्वारिकाधीश के खुले रहेंगे पट, जानें किन मंदिरों का बदला गया समय

धनंजय सिंह | 06 Sep 2025

 

मथुरा। 7 सितंबर को पड़ने वाले चंद्रग्रहण के दौरान सभी मंदिरों के पट बंद रहेंगे,लेकिन ठाकुर श्री द्वारिकाधीश मंदिर में राजाधिराज अपने भक्तों को दर्शन देंगे।पूरे ग्रहणकाल के दौरान मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा।

पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिर ठाकुर श्री द्वारिकाधीश के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि चंद्रग्रहण में पूरे समय ठाकुरजी के दर्शन खुले रहेंगे, हालांकि बाकी दर्शनों में बदलाव रहेगा। 7 सितंबर को मंगला शृंगार और ग्वाल के दर्शन समय अनुसार ही होंगे।राजभोग के दर्शन सुबह 10 बजे से साढ़े 10 बजे तक होंगे। 

राकेश तिवारी ने बताया कि सांयकालीन उद्यापन के दर्शन दोपहर दो बजे से 2.10 तक और भोग संध्या आरती 2.40 से 2.50 तक होंगे। शयन के दर्शन 3.30 बजे से 4 बजे तक होंगे। इसके बाद रात्रि ग्रहण के दर्शन रात 9.57 से 1.27 तक होंगे और इस दौरान ठाकुरजी के पट खुले रहेंगे। राकेश तिवारी ने बताया कि 8 सितंबर को 3.30 बजे मंगल के दर्शन होंगे और उसके बाद सेवा चालू रहेगी। राजभोग के दर्शन सुबह 6 बजे होंगे और सांयकाल के दर्शन नियमित समय अनुसार होंगे।

सात सितंबर रविवार को पड़ने वाले चंद्र ग्रहण को देखते हुए बरसाना स्थित श्रीलाडलीजी मंदिर के दर्शन के समय में बदलाव किया गया है।मंदिर प्रबंधन समिति ने बताया कि इस दिन श्रद्धालु केवल सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही दर्शन कर पाएंगे। इसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। ग्रहण की समाप्ति के बाद मंदिर के पट अगले दिन सोमवार प्रातः 5 बजे से खोले जाएंगे और दर्शन-पूजन की नियमित व्यवस्था पुनः आरंभ हो जाएगी।

श्रीबलभद्र पीठाधीश्वर आचार्य विष्णु महाराज ने बताया कि रविवार को चंद्र ग्रहण होगा। इसका छाया प्रवेश रात 8:58, मोक्ष रात 1:27 एवं विरल छाया निर्गम रात 2:25 बजे होगा। सूतक दिन में 12:57 बजे से प्रारंभ होगा।विष्णु महराज ने बताया कि यह ग्रहण भारत में दृश्य होगा।ग्रहण दर्शन नहीं करना चाहिए।अपितु अपने इष्ट देव की आराधना, गुरुमंत्र जप एवं धार्मिक ग्रंथ का पठन-मनन करना चाहिए।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया कि चंद्रग्रहण वाले दिन 7 सितंबर को मंदिर के पट सुबह 5:30 बजे खोले जाएंगे और दर्शन दोपहर 12:30 बजे तक ही होंगे। शाम के समय मंदिर बंद रहेगा और दर्शन नहीं होंगे।

बता दें कि सात सितंबर को वर्ष का दूसरा चंद्रग्रहण लगेगा, जिसके कारण श्रीबांकेबिहारी मंदिर के खुलने और बंद होने के समय में परिवर्तन किया गया है।यह चंद्रग्रहण रात 9:58 बजे से लेकर रात 1:26 बजे तक रहेगा। ग्रहण से 9 घंटे पहले दोपहर 12:57 बजे से सूतक काल आरंभ हो जाएगा,जिससे ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन और आरती समय में बदलाव किया गया है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved