सज गई प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या,आज से बिखरेंगे दीपोत्सव के रंग,पांच देशों के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन


सज गई प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या,आज से बिखरेंगे दीपोत्सव के रंग,पांच देशों के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन

धनंजय सिंह | 17 Oct 2025

 

अयोध्या।प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या एक बार फिर से स्वर्णिम अध्याय लिखने को बेताब है।दीपों की पंक्तियां सड़कों से लेकर घाटों तक सजाई रही हैं।मानो हर दीप प्रभु श्रीराम के स्वागत का निमंत्रण पत्र हो।आज शुक्रवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय दीपोत्सव में रामनगरी भव्य शृंगार में नजर आएगी। सरयू नदी के तट पर जगमगाने वाले 28 लाख दीपों के बीच इस बार तकनीक और परंपरा का अद्भुत संगम नजर आएगा।

लेजर शो,ड्रोन शो और प्रोजेक्शन मैपिंग रामकथा के प्रसंगों को सजीव करेंगे,जैसे आकाश खुद प्रभु श्रीराम के आगमन की कथा सुना रहा हो।ये आयोजन शुक्रवार से शुरू हो जाएंगे। विदेशी कलाकारों की रामलीला भी इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। 18 और 19 अक्तूबर को रामकथा पार्क सहित अन्य मंचों पर विदेशी कलाकार रामकथा का मंचन करेंगे। भिन्न भाषाओं में एक ही भाव प्रतिध्वनित होगा जय श्रीराम। सड़कों पर फूलों की बारिश,मंदिरों में गूंजते मंगल गीत, गलियों में झिलमिलाती रोशनी रामनगरी को साक्षात स्वर्ग का रूप देंगी। 

तीन दिनों तक चलने वाला यह आलोक पर्व न केवल श्रद्धा का उत्सव होगा, बल्कि दुनिया को यह संदेश भी देगा कि प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या केवल इतिहास नहीं,जीवंत अध्यात्म है।छोटी दीपावली पर 19 अक्तूबर को 28 लाख दीपों से राम की पैड़ी को आलोकित कर विश्व कीर्तिमान बनाने की पूरी तैयारी है। रामनगरी का भव्य शृंगार,रामचरित मानस की पंक्ति अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा कै खानि...को चरितार्थ करती नजर आ रही है।साकेत कॉलेज से रामकथा पार्क और सरयू नदी के घाटों से लेकर राम की पैड़ी की शोभा देखते ही बन रही है।देर शाम होते ही रामनगरी की भव्य सजावट देखने के लिए श्रद्धालु और स्थानीय लोग उमड़ रहे हैं।

दो से अधिक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।इनमें उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के लगभग 5 सौ कलाकार भी प्रतिभाग करेंगे।रामनगरी के लगभग 300 स्थानीय कलाकार भी इस भव्य आयोजन में शामिल होंगे। रामनगरी में इस बार एक वृहद मंच,तीन मध्यम मंच और सात छोटे मंच बनाए जा रहे हैं।इन मंचों पर देशभर से आए कलाकार अवधी और भोजपुरी भजन और लोक संगीत की प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध करेंगे। 

राम कथा पार्क में वृहद मंच और तुलसी उद्यान, बड़ी देवकाली और गुप्तार घाट पर मध्यम मंच स्थापित किए जा रहे हैं।इन मंचों पर प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित नाट्य मंचन होंगे।सात छोटे मंच भी बनाए जा रहे हैं।यहां रामनगरी और आसपास के जिलों के कलाकार पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और नाट्य प्रदर्शन करेंगे।

दीपोत्सव में रूस,थाईलैंड,इंडोनेशिया,नेपाल और श्रीलंका के कलाकार प्रभु श्रीराम की लीला का मंचन करेंगे।इस बार कुल 90 विदेशी कलाकार रामकथा को जीवंत रूप में पेश करेंगे। राम कथा पार्क में इस वर्ष विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध रामलीलाओं का मंचन किया जाएगा।

रूस के कलाकार स्वयंवर की महिमा का अद्भुत मंचन,थाईलैंड के कलाकार तीन प्रमुख युद्धों का दृश्य जीवंत करेंगे,इंडोनेशिया के 10 कलाकार रामलीला में लंका दहन और रामनगरी वापसी के दृश्य को अद्भुत ढंग से प्रस्तुत करेंगे,नेपाल के कलाकार लक्ष्मण पर शक्ति प्रदर्शन की पहली प्रस्तुति देंगे और श्रीलंका के कलाकार रामेश्वर की भूमि पर रावणेश्वरा का दृश्य प्रस्तुत करेंगे।

बता दें कि 2017 में 1.71 लाख,2018- 3.01 लाख,2019- 4.04 लाख,2020- 6.06 लाख,2021- 9.41 लाख,2022- 15.76 लाख,2023- 22.23 लाख और 2024- 25.12 लाख दीप जले।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved