नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार मौसम बदल रहा है।अब सुबह और रात के समय ठंड का अहसास होने लगा है।एसी और कूलर के बाद अब पंखे भी बंद होने लगे हैं। आसमान साफ रहने से न्यूनतम तापमान में भी कमी हो रही है।सोमवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। लोगों को दोपहर में भी हल्की ठंड का अहसास हुआ।बादलों की वजह से पूरे दिन सूर्यदेव ने अपने दर्शन नहीं दिए।इस दौरान अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा।वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा।आद्रता का स्तर 96 से 58 फीसदी रहा। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बारिश का अनुमान जताया था,लेकिन बारिश नहीं हुई।मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी।ऐसे में न्यूनतम पारा 15 डिग्री तक पहुंच सकता है।सोमवार को आया नगर सबसे ठंडा इलाका रहा।यहां न्यूनतम पारा 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।लोधी रोड,पालम और रिज में न्यूनतम पारा 17 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।
मंगलवार सुबह आसमान रहेगा साफ,हल्का कोहरा व छाई रहेगी धुंध
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मंगलवार सुबह आसमान साफ रहेगा हल्का कोहरा और धुंध छाई रहेगी।सुबह के समय एक या दो बार बहुत हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है।इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 28 और 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेगी दिल्ली में ठंड
अच्छी बात यह कि इसका असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक देखा जाएगा।दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलने वाला है।इस साल दिल्ली में ठंड ने समय पहले दस्तक दे दी है।सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके असर से दो दिन दिल्ली में हल्की बारिश जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी होने के आसार हैं। इन बर्फीली हवाओं की ठंडक दिल्ली में भी आएगी। लिहाजा नवंबर के पहले सप्ताह में ही सुबह शाम के बाद दिन में भी हल्की ठंडक का अहसास होने लगेगा।
अगले पांच दिनों तक सुबह के समय धुंध या छाया रहेगा उथला कोहरा
दिल्ली में अक्तूबर महीने के अंतिम दिनों और नवंबर के शुरुआत में मौसम में हल्की ठंडक बढ़ने के साथ सुहावना बदलाव देखने को मिलेगा।आईएमडी के मुताबिक अगले पांच दिनों तक सुबह के समय धुंध या उथला कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान ज्यादातर साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 29 और 30 अक्तूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों सुबह हल्की धुंध और आंशिक बादल छाए रहेंगे।
31 से 2नवंबर तक मौसम रहेगा साफ
31 अक्तूबर से 2 नवंबर तक मौसम और साफ रहेगा। दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री और रात का 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इस दौरान सुबह हल्की धुंध या कोहरा और दिन में साफ आसमान रहने की संभावना है। हवा की दिशा उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम रहेगी, जिसकी गति 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव सर्दी की शुरुआत का संकेत है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है।