बरेली।उत्तर प्रदेश के बरेली में ठंड बेरहम हो गई है। 16 दिसंबर 10 साल में सबसे ठंडा रहा।दिन का तापमान गिरकर 16.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।सोमवार रात से ही घने कोहरे ने बरेली जिले को कैद कर लिया।मंगलवार सुबह दृश्यता 10-15 मीटर रही।दिन में हल्की धूप निकली,लेकिन कोई असर नहीं रहा।रात के तापमान में लगभग डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई,जिससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सिर्फ छह डिग्री का अंतर रहा।
बुधवार की सुबह घने कोहरे के साथ
बुधवार की सुबह भी घने कोहरे का साथ हुई।सर्द हवा से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है।सुबह घने कोहरे से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और नौकरी करने वाले लोगों को दिक्कत हुई। हाईवे पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते नजर आए।ठंड और घने कोहरे से स्कूली बच्चों और शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने स्कूल का समय बदलने की मांग की है।
दिनभर चली सर्द हवा
मंगलवार को दिनभर पहाड़ से आ रही सर्द हवा चलती रही। शाम को फिर कोहरा छा गया।सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है।दोपहर में ग्राहक खरीदारी करने निकले,लेकिन शाम को बाजारों में जल्दी सन्नाटा छा गया।दुकानें भी जल्दी बंद हो गई। व्यापारियों के मुताबिक इस समय सहालग नहीं होने से ग्राहक भी बाजार में कम ही पहुंच रहे हैं।
तीन दिन कोहरे का आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए घने कोहरे का आरेंज अलर्ट जारी किया है।इस दौरान बरेली समेत आसपास के क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहेगा।पहाड़ की ओर से सर्द हवा चलती रहेगी।
बीते 10 सालों में 16 दिसंबर का तापमान
वर्ष - अधिकतम तापमान
2025 - 16.3
2024 - 21.9
2023 - 21.9
2022 - 21.6
2021 - 22.5
2020 - 19.3
2019 - 20.5
2018 - 20.6
2017 - 18.8
2016 - 21.9
2015 - 21.0
स्कूलों का समय बदलने की मांग
ठंड और घने कोहरे से स्कूली बच्चों और शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष डॉक्टर विनोद कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर परिषदीय विद्यालयों का समय बदलने की मांग की है।वर्तमान में इन विद्यालयों का समय सुबह नौ से तीन बजे तक है।कोहरे में बच्चों और शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है,हादसों का भी अंदेशा है।उन्होंने विद्यालयों के संचालन का समय सुबह 10 से तीन बजे तक किए जाने की मांग की है।