दिल्ली ठंड से ठिठुरी,फिर कोल्ड डे दर्ज,कल भी अलर्ट, जानें क्या होता है कोल्ड डे


दिल्ली ठंड से ठिठुरी,फिर कोल्ड डे दर्ज,कल भी अलर्ट, जानें क्या होता है कोल्ड डे

मनोज बिसारिया | 06 Jan 2026

 

नई दिल्ली।देश की राजधानी दिल्ली को कड़ाके की ठंड ने अपनी चपेट में ले लिया है।दिल्ली में मंगलवार को कोल्ड डे रूप में दर्ज किया गया।दिल्ली के लोधी रोड और पालम में तो अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 13 से16 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दिल्ली के पालम में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5.7 °C कम था। वहीं लोधी रोड में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा।

सीजन का दूसरा कोल्ड डे

सीजन का दूसरा कोल्ड डे नए साल से ठीक पहले 31 दिसंबर को रिकॉर्ड किया गया था। दिल्ली में कई जगहों पर कोल्ड डे और कुछ जगहों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति देखी गई थी। 31 दिसंबर को राजधानी दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री रिकार्ड किया गया था,जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह दिसंबर के सबसे ठंडे दिन के रूप में रिकॉर्ड किया गया था।

20 दिसंबर को था सीजन का पहला कोल्ड डे

20 दिसंबर को भी कोल्ड डे की स्थिति बनी थी। 20 दिसंबर को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था,जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम रहा।

पिछले आंकड़े

कड़ाके की ठंड के पिछले आंकड़ों पर गौर करें तो दिसंबर 2014 में अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।इसके बाद साल 2019 में 29 दिसंबर को अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

कब माना जाता है कोल्ड डे

मौसम विज्ञानियों की मानें तो मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे और अधिकतम तापमान में भी सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ जाए तो उस दिन को कोल्ड डे के रूप में दर्ज किया जाता है।

जानें कब होता है सीवियर कोल्ड डे

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मैदानी इलाकों में जब भी न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे साथ ही अधिकतम तापमान में भी यदि सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी जाए तो उस दिन को सीवियर कोल्ड डे यानी गंभीर शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है।

कल भी कोल्ड डे जैसे हालात की चेतावनी

इस बीच मौसम विभाग ने कल बुधवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थितियां रहने का अनुमान जताया है।मौसम विभाग ने कल भी राजधानी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर कोल्ड डे की स्थितियां रहने और सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है।दोपहर के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।गुरुवार को भी सुबह के समय मध्यम से घने कोहरे की पीली चेतावनी जारी की गई है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved