मुरादाबाद।उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मुस्लिम लड़की ने अपने परिजनों के खिलाफ जाकर हिंदू लड़के से शादी कर ली है।अब दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।मुस्लिम लड़की मुनतरीन रोजा रखकर घर से निकली और मुस्कान बनकर अपने प्रेमी अजय के साथ सात फेरे ले लिए। इसके बाद गंगाजल पीकर उसने अपना रोजा तोड़ा।
काफी समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बिलारी के गांव सनाई में रहने वाली मुस्लिम लड़की मुनतरीन का कुछ दूरी पर रहने वाले हिंदू लड़के अजय के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे,लेकिन लड़का हिंदू होने से मुनतरीन के परिवार वाले सहमत नहीं थे।इसलिए मुनतरीन पर बंदिशें लगा दी थीं।
कल शुक्रवार को रोजे में ही मुनतरीन अजय के साथ चली गई और दोनों ने एक मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से शादी कर ली। मुनतरीन ने मुस्कान बनकर अजय के साथ फेरे लेकर पत्नी बनते ही गंगाजल पीकर रोजा तोड़ दिया था।
एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
शादी रचाने के बाद मुनतरीन से अब मुस्कान अजय को साथ लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के सामने पेश हुई।अजय के साथ शादी किए जाने की बात बताते हुए खुद को परिवार से खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी ने प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित थाना प्रभारी को जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
परिवार वालों से है खतरा
मुरादाबाद पहुंचकर (मुनतरीन) मुस्कान ने बताया कि वो और अजय एक ही गांव के रहने वाले हैं। पिछले चार पांच साल से उनके बीच प्रेम संबंध हैं और वो अजय के साथ ही रहना चाहती है। इसलिए उसने अजय से शादी कर ली है,लेकिन उसे अपने परिवार वालों से ही खतरा है,इसलिए वो कप्तान के पास पहुंची और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
लड़की के घर वाले कर रहे विरोध
अजय ने बताया कि मुनतरीन मुस्लिम है और वो पिछले पांच छह सालों से एक दुसरे को जानते हैं। अब शादी कर ली है। अजय ने कहा कि मुनतरीन की उम्र 23 साल है,उसने अपनी उम्र 25 साल बताई है। इसके घर वाले विरोध कर रहे हैं।
पहले भी जेल में सजा काट चुका है अजय
अजय ने बताया कि मुनतरीन के परिवार वालों ने एक बार दोनों को मिलते हुए देख लिया था, तब उसे मुकदमा कर जेल भिजवा चुके हैं। सात महीने की सजा काटकर जेल से रिहा हुआ था, जिसका केस आज भी चल रहा है।