राजधानी दिल्ली को मिलेगी देश की पहली रिंग मेट्रो,पीएम मोदी 8 मार्च को करेंगे नई मेट्रो लाइनों का उद्घाटन और कॉरिडोर का शिलान्यास


राजधानी दिल्ली को मिलेगी देश की पहली रिंग मेट्रो,पीएम मोदी 8 मार्च को करेंगे नई मेट्रो लाइनों का उद्घाटन और कॉरिडोर का शिलान्यास

मनोज बिसारिया | 07 Mar 2026

 

नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के बड़े विस्तार के साथ कनेक्टिविटी और मजबूत होने जा रही है।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि राजधानी में दिल्ली मेट्रो के निरंतर विस्तार से शहर की परिवहन व्यवस्था एक नए चरण में प्रवेश कर रही है।सीएम रेखा ने कहा कि 8 मार्च को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा जिन मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा,वे दिल्ली को तेज,सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़त देंगी।इन परियोजनाओं से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे,जिनमें मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क सेक्शन (मैजेंटा लाइन) शामिल हैं।मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर के शुरू होने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ प्राप्त होगी। इससे राजधानी के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगा और उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का विस्तार है और इसके शुरू होने से इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस कॉरिडोर के माध्यम से कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को निर्बाध और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मेट्रो के फेज-V (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का शिलान्यास भी करेंगे।इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर,एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल है। सीएम रेखा ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली के प्रशासनिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी और एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी और तेज पहुंच सुनिश्चित होगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। सीएम रेखा ने बताया कि फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के निवासी वायलेट लाइन के माध्यम से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा कर सकेंगे।वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग के बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। सीएम रेखा ने बताया कि वर्तमान बजट में परिवहन विभाग के लिए 9,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है,जो पिछले वर्ष के 5,702 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत अधिक है।दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं को गति देने के लिए इस वर्ष के बजट में 2,929 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री जी देश में आधुनिक और एकीकृत परिवहन व्यवस्था विकसित करने पर लगातार जोर देते रहे हैं,उनका लक्ष्य ऐसा सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क विकसित करना है जो साझा,सुलभ,सुविधाजनक, जाम-मुक्त,स्वच्छ और अत्याधुनिक हो,उनके इसी विजन के अनुरूप दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार किया जा रहा है ताकि राजधानी को आधुनिक,कुशल और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली मिल सके और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत आधार प्राप्त हो।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य मेट्रो नेटवर्क को इतना व्यापक और मजबूत बनाना है कि राजधानी के नागरिकों को अंतिम छोर तक सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके। सीएम रेखा ने कहा कि जब लोगों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा,तब वे निजी वाहनों पर निर्भरता कम करेंगे,जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी। सीएम रेखा ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को निरंतर मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved