ईरान-इजराइल अमेरिका के जंग का भारतीय बाजार पर असर,ड्राई फ्रूट के दामों में 25 फीसदी तक उछाल,सप्लाई बाधित होने से बढ़ी व्यापारियों की चिंता


ईरान-इजराइल अमेरिका के जंग का भारतीय बाजार पर असर,ड्राई फ्रूट के दामों में 25 फीसदी तक उछाल,सप्लाई बाधित होने से बढ़ी व्यापारियों की चिंता

मनोज बिसारिया | 09 Mar 2026

 

नई दिल्ली।ईरान-इजराइल अमेरिका के जंग का असर अब भारत के ड्राई फ्रूट बाजार पर साफ दिखने लगा है।व्यापारियों का कहना है कि युद्ध जैसी स्थिति के कारण अफगानिस्तान और ईरान से आने वाली सप्लाई प्रभावित हुई है,जिससे पिस्ता,बादाम,खजूर और अन्य ड्राई फ्रूट के दाम तेजी से बढ़ने लगे हैं।सप्लाई में कमी,कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और रुपये की कमजोरी के चलते आने वाले महीनों में ड्राई फ्रूट की कीमतों में और इजाफा हो सकता है,इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।

70-75 हजार करोड़ का है भारत का ड्राई फ्रूट बाजार

नट्स एंड ड्राई फ्रूट काउंसिल ऑफ इंडिया के फाउंडिंग मेंबर और दिल्ली किराना कमेटी के संयुक्त सचिव रविंद्र मेहता ने बताया कि भारत में ड्राई फ्रूट का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। मेहता ने बताया कि मौजूदा समय में देश में ड्राई फ्रूट का बाजार लगभग 70 से 75 हजार करोड़ रुपये का हो चुका है और हर साल करीब 16 से 17 लाख टन अलग-अलग प्रकार के ड्राई फ्रूट का उपभोग किया जाता है।भारत दुनिया में अमेरिका के बाद ड्राई फ्रूट का सबसे बड़ा उपभोक्ता देश बन चुका है।

ईरान,अफगानिस्तान और दुबई से होता है बड़ा आयात

रविंद्र मेहता ने बताया कि भारत में ड्राई फ्रूट की बड़ी मात्रा ईरान,अफगानिस्तान और दुबई से आयात होती है।इन क्षेत्रों से लगभग 1.5 बिलियन डॉलर का व्यापार होता है।मेहता ने बताया कि अफगानिस्तान से अंजीर,बादाम,केसर,हींग,शाह जीरा,मुनक्का और किशमिश आती है।ईरान से मुख्य रूप से पिस्ता और खजूर का आयात होता है। मेहता ने बताया कि दुबई लंबे समय से भारत के लिए एक प्रमुख ट्रेडिंग हब के रूप में काम करता रहा है।मौजूदा तनाव के कारण इस पूरी सप्लाई चेन पर असर पड़ा है।

सप्लाई रूट में बदलाव से बढ़ी परेशानी

रविंद्र मेहता ने बताया कि पहले अफगानिस्तान से ड्राई फ्रूट सड़क मार्ग से पाकिस्तान के रास्ते भारत पहुंचता था,लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद यह रास्ता बंद हो गया,इसके बाद अफगानिस्तान का माल ईरान के रास्ते समुद्री मार्ग से भारत आने लगा।मेहता ने बताया कि अब मध्य-पूर्व में बढ़ते युद्ध के कारण यह रास्ता भी प्रभावित हो गया है,जिससे आयात में देरी और लागत दोनों बढ़ गई हैं।

पिस्ता,बादाम और खजूर के दामों में तेज उछाल

रविंद्र मेहता ने बताया कि सप्लाई प्रभावित होने के कारण कई ड्राई फ्रूट के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं,जिनमें पिस्ता पिशोरी 2700–2800 रुपये से बढ़कर करीब 3200 रुपये प्रति किलो हो गया,ईरानी पिस्ता 100 से 250 रुपये प्रति किलो तक महंगा,मामरा बादाम की 5 से 10 प्रतिशत तक कीमत बढ़ी हैं।वहीं रमजान के समय खजूर का दाम 20 रुपये से लेकर 200 रुपये प्रति किलो तक महंगा हुआ है।मेहता ने बताया कि भारत हर साल लगभग 4 से 4.5 लाख टन खजूर आयात करता है,जो मुख्य रूप से ईरान, सऊदी अरब और यूएई से आता है।

रमजान के समय बढ़ी कीमतों से बाजार में चिंता

रविंद्र मेहता ने बताया कि रमजान के दौरान खजूर और ड्राई फ्रूट की मांग बढ़ जाती है।ऐसे समय में कीमतों का बढ़ना बाजार के लिए बड़ी चिंता का विषय है। मेहता ने बताया कि कई उत्पादों की कीमतों में 5 प्रतिशत से लेकर 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।

तेल की कीमत और रुपये की कमजोरी भी बना कारण

रविंद्र मेहता ने बताया कि मध्य-पूर्व में तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है,इसके साथ ही भारतीय रुपये की कीमत भी कमजोर होकर करीब 92 रुपये प्रति डॉलर के आसपास पहुंच गई है,इससे ड्राई फ्रूट की ट्रांसपोर्टेशन लागत और आयात लागत दोनों बढ़ रही हैं,जिसका असर सीधे बाजार के कीमतों पर पड़ रहा है।

खारी बावली बाजार पर पड़ा सबसे ज्यादा असर

बता कि दिल्ली का खारी बावली एशिया के सबसे बड़े मसाला और ड्राई फ्रूट बाजारों में गिना जाता है,यहां अफगानिस्तान और ईरान से आने वाले उत्पादों का बड़ा व्यापार होता है।सप्लाई में बाधा और आयात लागत बढ़ने से यहां के कारोबारियों को पहले ही भारी झटका लग चुका है।खासकर अफगानिस्तान के व्यापारियों को माल की गुणवत्ता और परिवहन लागत दोनों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

आम आदमी की जेब पर पड़ेगा असर

बता दें कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव लंबा चला तो आने वाले तीन से चार महीनों में ड्राई फ्रूट की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।ड्राई फ्रूट अभी भी भारतीय परिवारों के लिए आवश्यक खाद्य पदार्थों की बजाय एक लक्जरी खाद्य श्रेणी में आता है। ऐसे में कीमत बढ़ने पर लोग इसकी खरीद कम कर सकते हैं।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved