लखनऊ।सूबे की राजधानी लखनऊ वालों लिए अच्छी खबर है। राजधानी लाइफलाइन मानी जा रही ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के दूसरे चरण का कार्य पूरा हो चुका है। 13 मार्च को शाम 4:30 बजे झूलेलाल वाटिका में आयोजित एक भव्य समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से इस परियोजना के दूसरे चरण का लोकार्पण करेंगे।साथ परियोजना के तीसरे और चौथे चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा।ये राजधानी के भविष्य की रफ्तार तय करेगा।बता दें कि 13 मार्च को होने वाले इस बड़े कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
दूसरे चरण से मिलेगी जाम के झाम से मुक्ति
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना का दूसरा चरण लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की देखरेख में लगभग 299 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है।दूसरे चरण के अंतर्गत डालीगंज से लेकर निशातगंज होते हुए समता मूलक चौराहे तक का हिस्सा आता है।लगभग सात किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लोगों के लिए खुलते ही हजरतगंज,डालीगंज और निशातगंज जैसे घनी आबादी वाले और व्यस्ततम क्षेत्रों में लगने वाले भीषण जाम से बड़ी राहत मिलेगी।वाहन चालक बिना किसी सिग्नल की बाधा के सीधे रिवर फ्रंट के किनारे से गोमतीनगर और समता मूलक चौक तक पहुंच सकेंगे।
आईआईएम रोड से शहीद पथ तक का सफर होगा आसान
जब ग्रीन कॉरिडोर के सभी चारों चरण पूरे हो जाएंगे,तब राजधानी लखनऊ का यातायात पूरी तरह से बदल जाएगा। इस पूरी परियोजना का मुख्य लक्ष्य आईआईएम रोड (दुबग्गा क्षेत्र) को सीधे शहीद पथ और गोमतीनगर से जोड़ना है। शिलान्यास के बाद तीसरे और चौथे चरण का काम भी युद्धस्तर पर शुरू होगा। इसके तहत समता मूलक चौक से जनेश्वर मिश्र पार्क होते हुए शहीद पथ तक सड़क बनाई जाएगी।वर्तमान में आईआईएम रोड से गोमतीनगर जाने में लगभग 45 से 60 मिनट का समय लगता है,लेकिन ग्रीन कॉरिडोर पूरा होने के बाद यह दूरी मात्र 15 से 20 मिनट में तय की जा सकेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कॉरिडोर
ग्रीन कॉरिडोर केवल एक सड़क नहीं है,बल्कि इसे एक स्मार्ट रूट के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुसार इस कॉरिडोर के किनारे हरियाली,आधुनिक स्ट्रीट लाइटें और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है। यह कॉरिडोर न केवल वाहनों की रफ्तार बढ़ाएगा,बल्कि गोमती नदी के किनारों के सौंदर्यीकरण में भी चार चांद लगाएगा।