ईंधन संकट की अफवाहें निराधार:दिल्ली में पेट्रोल,डीजल, एलपीजी,पीएनजी का है पर्याप्त स्टॉक, जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई


ईंधन संकट की अफवाहें निराधार:दिल्ली में पेट्रोल,डीजल, एलपीजी,पीएनजी का है पर्याप्त स्टॉक, जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

मनोज बिसारिया | 13 Mar 2026

 

नई दिल्ली।रेखा गुप्ता सरकार ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी,पेट्रोल,डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।रेखा सरकार ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में किसी भी प्रकार के ईंधन की कोई कमी नहीं है। दिल्ली के लोगों को सलाह दी गई है कि वे घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी या जमाखोरी न करें और ईंधन आपूर्ति में व्यवधान से संबंधित किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

पेट्रोल,डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक 

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने भी पुष्टि की है कि दिल्ली में घरेलू पीएनजी की आपूर्ति स्थिर है। प्राकृतिक गैस के आवंटन में घरेलू पीएनजी और परिवहन क्षेत्र के उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही तेल विपणन कंपनियों ने भी यह सुनिश्चित किया है कि पेट्रोल,डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से कार्य कर रही है।

बुकिंग नियमों में बदलाव और डिलीवरी की स्थिति

रेखा गुप्ता सरकार ने सूचित किया है कि एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए न्यूनतम अंतराल को 21 दिनों से संशोधित कर अब 25 दिन कर दिया गया है। हालांकि इस बदलाव के बावजूद उपभोक्ताओं को बुकिंग के औसतन दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी मिल रही है। उपभोक्ताओं को डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।उदाहरण के तौर पर यदि पिछला सिलेंडर एक फरवरी को डिलीवर हुआ था,तो अगली बुकिंग 25 दिन पूरे होने पर यानी 26 फरवरी को या उसके बाद की जा सकती है। इसके लिए गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता वेब पोर्टल, एसएमएस, आईवीआरएस, मिस्ड-काल या व्हाट्सएप का उपयोग कर सकते हैं।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

खाद्य,आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने फील्ड अधिकारियों को तैनात किया है ताकि रिफिल बुकिंग की प्रक्रिया सुगम रहे। प्रवर्तन टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं ताकि ईंधन की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जा सके। विशेष रूप से रेस्तरां और भोजनालयों जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

जानें रेखा सरकार ने क्या कहा 

रेखा गुप्ता सरकार ने कहा है कि आने वाले समय में कमर्शियल एलपीजी की विनियमित आपूर्ति के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।रेखा सरकार ने एक बार फिर सभी लोगों से अपील की है कि वे ईंधन की उपलब्धता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त रहें और किसी भी प्रकार की घबराहट में आकर खरीदारी न करें।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved