आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े हारिस से मिलने आए थे 3 युवक,कई छात्रों को कर चुका था प्रभावित


आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े हारिस से मिलने आए थे 3 युवक,कई छात्रों को कर चुका था प्रभावित

धनंजय सिंह | 19 Mar 2026

 

लखनऊ।आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े मुरादाबाद से गिरफ्तार बीडीएस छात्र हारिस अली को लेकर जांच में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं।बताया गया कि गिरफ्तारी से लगभग एक सप्ताह पहले तीन युवक हारिस से मिलने कॉलेज पहुंचे थे और काफी देर तक उसके साथ बातचीत की थी।सहारनपुर के मानकमऊ निवासी हारिस मुरादाबाद के एक निजी कॉलेज में बीडीएस कोर्स में दाखिला कराया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक हारिस आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ गया था और उसने अपने संपर्क में आकर 60 से अधिक छात्रों को भी प्रभावित किया था।

दो दिन पहले यूपी एटीएस ने हारिस अली को गिरफ्तार कर लखनऊ लाकर पूछताछ शुरू की है।जांच में सामने आया है कि करीब एक सप्ताह पहले तीन युवक कॉलेज परिसर में हारिस से मिलने पहुंचे थे।कॉलेज आने के बाद हारिस अपने साथियों को बताकर उनके साथ बाहर चला गया था। इसके बाद वह प्रेम नगर चौराहे के पास कांठ रोड स्थित एक कैंटीन पर करीब एक घंटे से अधिक समय तक उनके साथ बैठा रहा और बातचीत करता रहा।सूत्रों के मुताबिक यूपी एटीएस अब इस मुलाकात को बेहद गंभीरता से लेते हुए उन तीनों युवकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हारिस के संपर्क में रहे अन्य छात्रों की भी निगरानी की जा रही है। कॉलेज प्रशासन से भी पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

बता दें कि आतंकी संगठन आईएसआईएस का आनलाइन माड्यूल बीते दो वर्षों से उत्तर प्रदेश के कई शहरों और नेपाल सीमा से सटे जिलों में सक्रिय था।यूपी एटीएस ने आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े बीडीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हारिस अली को मुरादाबाद से गिरफ्तार करने के बाद उसके संपर्क में रहे कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।सूत्रों के मुताबिक इनमें लखनऊ और सराहनपुर समेत अन्य जिलों के युवक शामिल हैं।एटीएस हारिस को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इस ग्रुप के तार बीते दिनों दिल्ली में हुए धमाके के बाद सामने आए चिकित्सकों के माड्यूल से जुड़े होने की भी आशंका है।

एटीएस ने हारिस के छद्म नामों से बनाए गए इंस्टाग्राम और इनक्रिप्टेड एप सेशन व डिसकार्ड पर ग्रुपों में सक्रिय रहे युवकों को लेकर पड़ताल भी तेज की है।खासकर हारिस के ग्रुप अल जिहाद मीडिया फाउंडेशन से जुड़े युवक निशाने पर हैं। हारिस की बीते दिनों की इंटरनेट मीडिया की गतिविधियों के आधार पर उसके करीबियों को चिन्हित करना शुरू किया है। इसी कड़ी में हारिस के हैंडलर तक पहुंचने का प्रयास भी किया जा रहा है। हारिस के मोबाइल की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। छह से अधिक ग्रुपों से जुड़े युवकों के बारे में छानबीन शुरू की गई है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved