बिगड़ी अफवाह से व्यवस्था,अयोध्या में पेट्रोल-डीजल खत्म का नोटिस चस्पा,अवध क्षेत्र में पंपों पर जबरदस्त भीड़


बिगड़ी अफवाह से व्यवस्था,अयोध्या में पेट्रोल-डीजल खत्म का नोटिस चस्पा,अवध क्षेत्र में पंपों पर जबरदस्त भीड़

धनंजय सिंह | 25 Mar 2026

 

अयोध्या/बलरामपुर,अंबेडकरनगर।उत्तर प्रदेश के अयोध्या,अंबेडकरनगर और बलरामपुर समेत अवध क्षेत्र में अफवाह से पेट्रोल-डीजल के लिए पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ रही है।हालात यहां तक पैदा हो गए कि अयोध्या में पेट्रोल-डीजल खत्म के नोटिस चस्पा करने पड़े।मंगलवार को आधी रात तक और बुधवार सुबह फिर से उमड़ी भीड़ से कई जगहों पर पुलिस तैनात करनी पड़ी।

अयोध्या में अफवाहों के बीच जिले में पेट्रोल-डीजल का संकट अब खुलकर सड़कों पर दिखने लगा है।शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, जबकि जहां आपूर्ति हो रही है वहां भी 100 रुपये तक की सीमा तय कर दी गई है। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ठप होने से उपभोक्ताओं को केवल नकद में ईंधन मिल रहा है,जिससे परेशानी कई गुना बढ़ गई है।

हालात यह हैं कि अब लोग गैस सिलिंडर लेने के बाद पेट्रोल के लिए भी लाइन में लगने को मजबूर हैं।बुधवार तड़के सुबह 5 बजे से ही शहर के पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। घंटों इंतजार के बाद भी पेट्रोल न मिलने से लोग मजबूरी में खाली हाथ वापस लौट गए। कई स्थानों पर सुबह आठ बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकी।
 

देवकाली बाईपास पर पेट्रोल पंप पर एक महिला गैस सिलिंडर के साथ ही पेट्रोल के लिए लाइन में लगी रही।महोबारा ओवरब्रिज के पास पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म होने का नोटिस लगा मिला,जबकि अयोध्याधाम में बन रहे बस स्टैंड के पास जय सर्विस स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल दोनों खत्म होने का बोर्ड टंगा है।

संकट के बीच कालाबाजारी भी तेज हो गई है।शहर में पेट्रोल 200 रुपये प्रति लीटर तक ब्लैक में बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं।गुरुनानक कॉलोनी निवासी अमर बहादुर ने बताया कि मंगलवार रात को 200 रुपये देकर एक लीटर पेट्रोल लेना पड़ा। बुधवार सुबह छह बजे से कई पंपों के चक्कर लगा चुका हूं, लेकिन कहीं पेट्रोल नहीं मिला।
 
दर्शन नगर में अवध स्कूल के सामने पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचे नीरज कुमार ने बताया कि सुबह छह बजे से लाइन में खड़े हैं,लेकिन आठ बजे तक पेट्रोल नहीं मिला।अब मजबूरी में बिना तेल लिए लौटना पड़ रह है।शहर ही नहीं ग्रामीण इलाकों में भी हालात बदतर हैं। कई गांवों के पेट्रोल पंप पूरी तरह सूख चुके हैं,जिससे खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को रातभर गश्त करनी पड़ी।कई संवेदनशील पंपों पर बैरिकेडिंग की गई और पुलिस की निगरानी में लोगों को लाइन में लगाया गया। इसके बावजूद कुछ जगहों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आईं।

अयोध्या में रसोई गैस के बाद पेट्रोल-डीजल को लेकर चल रही अफवाहों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पेट्रोल पंपों पर देर रात से ही लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए कई पंपों पर पुलिस तैनात की गई है। लोग कतारबद्ध होकर पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं।
बुधवार सुबह से ही पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों की कतार लग गई। साहबगंज निवासी चालक अर्जुन यादव,देवकाली के तुषार और रीडगंज के योगेश ने बताया कि अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इससे भीड़ बढ़ रही है।

बीकापुर क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल लेने के लिए किसानों और अन्य लोगों की भीड़ पंपों पर सुबह से ही लग गई।सरसों की मड़ाई, पंपसेट,गेहूं की मड़ाई और खेत की जोताई करने के लिए डीजल की जरूरत है।जलालपुर माफी में प्रयागराज हाईवे किनारे संचालित पेट्रोल पंप पर सुबह से ही डीजल और पेट्रोल लेने के लिए लोगों की भीड उमड़ पड़ी।

मंगलवार को भी देर रात तक यहां लोगों के भीड़ लगी रही। इसके बाद सुबह से ही लोग डीजल-पेट्रोल लेने के लिए केन और अपने वाहन लेकर पहुंचे हैं।इसके अलावा क्षेत्र के डेहरियावा,शेरपुर पारा,कोदैला,तेंदुआ माफी में स्थित पेट्रोल पंपों पर भी डीजल-पेट्रोल लेने के लिए लोगों की भीड़ है।

कई जगह लोगों को सीमित मात्रा में 10 लीटर तक ही डीजल दिया जा रहा है। जबकि, शासन-प्रशासन द्वारा पर्याप्त डीजल-पेट्रोल का स्टॉक होने का दावा किया जा रहा है। लोगों को संयम बरतने और अफवाह में न आने के लिए कहा जा रहा है। फिर भी लोग परेशान और लाइन लगाए हुए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। 
 

बलरामपुर में अफवाह से पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़

बलरामपुर के उतरौला क्षेत्र में लॉकडाउन की अफवाह और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की चर्चा फैलते ही बुधवार सुबह से ही कस्बा के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति यह रही कि वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग बोतल और डिब्बों में भी तेल भरवाने पहुंच गए।

अचानक बढ़ी भीड़ से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा। पुलिस की निगरानी में क्रमवार पेट्रोल और डीजल का वितरण कराया गया। पंप कर्मियों ने भी लोगों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक खरीदारी न करने की अपील की।

पेट्रोल पंप संचालक अरुण कुमार और सतीश गुप्ता ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। अफवाह के कारण लोग घबराकर बड़ी मात्रा में तेल लेने पहुंच गए। इससे भीड़ बढ़ गई। आपूर्ति सामान्य है और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।

कई जगह पेट्रोल-डीजल समाप्त

अंबेडकरनगर में गैस सिलिंडर के बाद अब क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल का संकट भी गहराने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कई जगह पेट्रोल-डीजल समाप्त हो गया है। लोग बाइकों में आठ से 10 लीटर और कारों में टैंक फुल करवा रहे है। ऐसे में हालात बेकाबू होने लगे हैं। डीएम अनुपम शुक्ला ने पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की जानकारी ली है और बोतल या केन में पेट्रोल डीजल देने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved