आगरा।रसोई गैस सिलिंडर के बुकिंग अंतराल में जो बड़े बदलाव की खबर चली,उसे केंद्र सरकार ने पूरी तरह से गलत बताया है।पेट्रोलियम मंत्रालय ने साब किया है कि बुकिंग नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।बुकिंग के लिए पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी।
ये थी खबर
मंगलवार को आई जानकारी के मुताबिक नई व्यवस्था में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और सामान्य उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग की समय सीमा अलग-अलग तय किए जाने की बात कही गई थी,जिसमें 5 किलो का छोटू सिलिंडर उज्ज्वला लाभार्थियों को 16 दिन में,जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को 9 दिन में मिलने के बारे में कहा गया था।
रीफिल बुकिंग की समयसीमा में कोई बदलाव नहीं
पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि एलपीजी रीफिल बुकिंग की मौजूदा समयसीमा पहले की तरह ही लागू रहेगी। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन, जो सभी प्रकार के कनेक्शनों पर समान रूप से लागू है।
दोहरे कनेक्शन धारकों को था बड़ा डर
गैस सिलिंडर की किल्लत और जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए तेल कंपनियों द्वारा सॉफ्टवेयर में बदलाव की खबर से वे उपभोक्ता परेशान थे,जिनके पास दो सिलिंडर हैं। उन ग्राहकों को रिफिल बुक करने के लिए कम से कम 35 दिनों का इंतजार करने के लिए नियम तैयार किया गया था।
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने ये बताया
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने बताया था कि यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। यदि कोई ग्राहक तय समय सीमा से पहले बुकिंग करने का प्रयास करेगा, तो सिस्टम उसका आवेदन स्वीकार नहीं करेगा। कुमार ने स्पष्ट किया कि दो सिलिंडर कनेक्शन धारकों को पिछला सिलिंडर मिलने के 35 दिन बाद ही अगली बुकिंग की सुविधा मिलेगी।