महरौली-बदरपुर रोड पर बनेगा 6 लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर,दो साल में पूरा होगा,जाम से फ्री होंगे ये इलाके


महरौली-बदरपुर रोड पर बनेगा 6 लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर,दो साल में पूरा होगा,जाम से फ्री होंगे ये इलाके

मनोज बिसारिया | 27 Mar 2026

 

नई दिल्ली।दक्षिणी दिल्ली के महरौली-बदरपुर रोड पर 6 लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा।इसका निर्माण दो साल में पूरा होने की संभावना है।रेखा गुप्ता सरकार द्वारा ट्रैफिक जाम कम करने के लिए कई इंटीग्रेटेड कॉरिडोर के लिए बजट आवंटित करने के बाद पीडब्ल्यूडी ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।

शुक्रवार को एक अधिकारी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने महरौली-बदरपुर (एमबी) रोड पर 1471 करोड़ रुपए की लागत से छह-लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर और अंडरपास बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो को काम सौंपा है। यह दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि मौजूदा सड़क की क्षमता ट्रैफिक की मांग को पूरा करने के लिए काफी नहीं है। इस प्रोजेक्ट का मकसद ट्रैफिक का सुचारू प्रवाह सुनिश्चित करना, यात्रियों का समय बचाना, ट्रैफिक जाम से बचना और ईंधन की बचत करना है।

अधिकारी ने बताया कि यह मुख्य सड़क कई रिहायशी कॉलोनियों और मिक्स्ड लैंड यूज वाले इलाकों से जुड़ी है। जैसे कि दक्षिण दिल्ली में पुल-प्रहलादपुर, लालकुआं, संगम विहार, खानपुर गांव और साकेत। इन इलाकों में सड़क पर भारी पार्किंग भी होती है, जिससे इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होती है।

अधिकारी ने बताया कि चूंकि यह प्रोजेक्ट दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर बनाया जा रहा है,इसलिए इसे डीएमआरसी ही पूरा करेगा। इस पर अनुमानित 1471.14 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिसमें पेड़ों को दूसरी जगह लगाने पर होने वाले 3.69 करोड़ रुपए भी शामिल हैं।

बता दें कि प्रस्ताव में दो जगहों पर एलिवेटेड रोड बनाने की बात कही गई है।एक एलिवेटेड कॉरिडोर साकेत-G ब्लॉक से संगम विहार तक और दूसरा कॉरिडोर मां आनंदमयी मार्ग से पुल-प्रहलादपुर तक।प्रोजेक्ट प्लान के अनुसार पीडब्ल्यूडी के लिए इंटीग्रेटेड एलिवेटेड स्ट्रक्चर,अंडरपास, सबवे और एक टनल को डीएमआरसी द्वारा डिजाइन किया जाएगा और बनाया जाएगा।एक प्राइवेट कंपनी ने इस संबंध में सड़क सुरक्षा और कार्यक्षमता का अध्ययन किया है।दूसरे चरण में मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रह्लादपुर तक,दिल्ली मेट्रो टनल के ऊपर,लगभग 2.48 किलोमीटर लंबा छह-लेन वाला एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी मेट्रो मां आनंदमयी मार्ग को हरकेश नगर मेट्रो स्टेशन से जोड़ने वाली एक नई सड़क बनाने की भी योजना बना रहा है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved