टमाटर के दाम क्या बढ़े, प्याज़ और आलू के दाम भी चढ़ सकते हैं। ये बात भारतीय रिज़र्व बैंक के एक अध्ययन में सामने आई है। ये तीनों सब्जियां काफी हद तक एक-दूसरे पर असर डालती हैं।
महंगाई की मुख्य वजह बहुत ज्यादा बारिश है। इसकी वजह से प्याज, टमाटर और आलू के दाम बढ़े हैं। आरबीआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि कीमत में बढ़ोतरी और उसके बाद खाद्य महंगाई में आने वाली कमी में सब्जियों की अहम भूमिका होती है।
टमाटर के बढ़ते दामों ने वित्त मंत्रालय की भी चिंता बढ़ा दी है। वित्त मंत्रालय के इकोनॉमिक्स डिवीजन ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए जो वार्षिक आर्थिक समीक्षा जारी की, इसमें साफ लिखा है कि बेमौसम बारिश जैसे घरेलू कारणों की वजह से टमाटर जैसी कुछ सब्जियों की कीमतों पर दबाव बना रखा है। वित्त मंत्रालय ने इस रिपोर्ट में कहा है कि अल नीनो के असर के साथ थोक आधारित महंगाई में कमी के बाद भी खुदरा कीमतों पर इसका असर नहीं होने का खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है।