यूपी में गर्मी को बाय-बाय,आंधी-तूफान के साथ झमाझम बरसे बदरा,जानें आईएमडी का अलर्ट


यूपी में गर्मी को बाय-बाय,आंधी-तूफान के साथ झमाझम बरसे बदरा,जानें आईएमडी का अलर्ट

धनंजय सिंह | 04 May 2026

 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में देर रात मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया।रातभर तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई।बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।राजधानी लखनऊ में सुबह लगभग 8:20 बजे अचानक मौसम बदल गया और घने बादलों ने राजधानी को अपने आगोश में ले लिया।सुबह 9 बजे तक ऐसा हो गया कि मानो दिन में ही रात हो गई है।कुछ ही मिनटों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।बारिश से सड़कों पर पानी भर गया।वहीं, कानपुर,नोएडा,गाजियाबाद,पीलीभीत,संभल से लेकर बरेली तक मौसम का मिजाज बदला रहा।मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने का अलर्ट जारी किया है।

दोनों डीएप्टी सीएम की फ्लाइट हुई डायवर्ट

लखनऊ में मौसम खराब होने से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ी।दोनों डिप्टी सीएम की फ्लाइट भोपाल में लैंड हुई। दोनों डिप्टी सीएम दिल्ली से लखनऊ आ रहे थे।

खराब मौसम पर सीएम योगी की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान,पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।साथ ही अभिभावकों से कहा गया है कि बच्चों को घर के अंदर ही रखें।किसानों को भी अपनी फसलों और पशुधन की सुरक्षा करने की सलाह दी गई है।सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जनहानि, पशुहानि और घायलों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। सीएम ने साफ कहा है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।राहत आयुक्त को फील्ड अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जानें कहां कैसा मौसम

पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश होती रहेगी।वहीं 4 से 7 मई के बीच 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओले गिरने की भी संभावना है,हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल एक सप्ताह तक लू चलने के आसार नहीं हैं।मौसम विभाग के मुताबिक तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले कुशीनगर,महाराजगंज,सिद्धार्थनगर,बलरामपुर, श्रावस्ती,बहराइच और लखीमपुर खीरी में खराब मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।इन क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।

आखिर क्यों बदल रहा मौसम

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर तक सक्रिय है,इसके साथ ही एक ट्रफ लाइन पंजाब से लेकर नॉर्थ-ईस्ट भारत तक बनी हुई है,इसी सिस्टम के असर से आज प्रदेश के पश्चिमी यूपी,मध्य यूपी और अन्य कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में आने वाले दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। कुल मिलाकर अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा और फिलहाल हीटवेव को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

लखीमपुर खीरी में फसलों को नुकसान

लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह लगभग 4 बजे से तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का दौर जारी है।बारिश के से तापमान में गिरावट आई है,लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहाना हो गया है,हालांकि इस बदलाव का असर खेती पर पड़ा है।दलहन और खीरे की फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है,जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

संभल में बदला मौसम

संभल के गुन्नौर क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई,जबकि जिले के अन्य इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बरसात देखने को मिली।रात लगभग ढाई बजे से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सुबह तक जारी रहा,कई खेतों में पानी भर गया और खेत तालाब जैसे नजर आने लगे।लगातार बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

पीलीभीत में तेज हवाओं के साथ बारिश

पीलीभीत में सोमवार सुबह से तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहाना हो गया है,हालांकि इस बारिश का असर किसानों पर पड़ा है।दलहन और खीरे की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं शारदा नदी के किनारे बसे दर्जनों गांवों का संपर्क मार्ग भी प्रभावित हो गया है, जिससे लोगों की आवाजाही में दिक्कतें बढ़ गई हैं।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved