नई दिल्ली।पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर लोकसभा से तृणमूल कांग्रेस की सांसद पार्टी की वरिष्ठ नेता महुआ मोइत्रा ने अपने साथ फ्लाइट में बदसलूकी होने और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन होने का आरोप लगाया है।सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए महुआ ने कहा कि यह घटना गुरुवार को उस वक्त हुई जब वे संसदीय समिति की बैठक के सिलसिले में कोलकाता से दिल्ली आ रही थीं।
महुआ मोइत्रा ने कहा कि इसी दौरान विमान (6E 719) में चढ़े कुछ लोग ना केवल उन्हें घूरते हुए निकले बल्कि विमान के दिल्ली में उतरने के बाद उन्होंने उकसाने वाले व आपत्तिजनक नारे भी लगाए और इस घटना को रिकॉर्ड भी किया।लोगों की इस हरकत को महुआ ने अपना उत्पीड़न और विमान के अंदर अपनी सुरक्षा का उल्लंघन बताया और इस मामले में विमान कंपनी के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेने की मांग की।
इस घटना से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए महुआ मोइत्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अलर्ट,आज मैं एक सरकारी काम से दिल्ली गई थी,जहां मुझे रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होना था।मैं इंडिगो की 6E-719 फ़्लाइट में सीट नंबर 1F पर बैठी थी। इसी दौरान 4-6 लोग एक ग्रुप में फ्लाइट में चढ़े और मुझे घूरते हुए फ्लाइट के पिछले हिस्से में जाकर बैठ गए।
महुआ मोइत्रा ने कि जब फ्लाइट लैंड हुई तो दरवाजे खुलने से ठीक पहले उन्होंने यह हरकत (नारे लगाने वाली) की और इसका वीडियो भी बनाया।लोगों के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए महुआ ने इसे नागरिकों का गुस्सा मानने से इनकार कर दिया और इसे स्पष्ट रूप से अपना उत्पीड़न और फ़्लाइट के अंदर अपनी सुरक्षा का उल्लंघन बताया। महुआ ने कहा कि यह बिल्कुल मुमकिन नहीं है कि ये बदतमीज लोग फ़्लाइट के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच निकलें।
महुआ मोइत्रा ने विमान कंपनी इंडिगो से इन यात्रियों को शर्मिंदा करने के लिए क्रू रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा, साथ ही ऐसे यात्रियों को नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की मांग भी की।अपनी इस पोस्ट को महुआ ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को भी टैग किया और उनसे भी इस मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
बता दें कि महुआ मोइत्रा ने जो वीडियो शेयर किया उसमें फ्लाइट से उतरने के लिए खड़े यात्री दिखाई दे रहे हैं, इसी बीच आगे की तरफ कुछ लोग जय श्री राम,जय-जय श्रीराम, चोर-चोर-चोर टीएमसी चोर के अलावा दीदी चोर,भाई चोर, तृणमूल में सब चोर और चोर-चोर तृणमूल में सभी चोर जैसे नारे लगाते हुए सुनाई दिए।जिन लोगों ने यह नारे लगाए उनके चेहरे तो दिखाई नहीं दिए,लेकिन उन लोगों ने यह नारे तृणमूल कांग्रेस पार्टी की सांसद को उकसाने के लिए लगाए थे।
इसके बाद अपनी एक अन्य पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने उस वीडियो को दोबारा शेयर किया और ऐसा करने की वजह भी बताई। महुआ ने कहा कि यही भाजपा की संस्कृति है और मैं इस घटना को अनदेखा कर बैठक में चली गई थी,लेकिन बाद में यही वीडियो मुझे कुछ लोगों से मिला और उन्होंने बताया कि संघी लोग इसे वायरल कर रहे हैं। इसके बाद मैंने इस मामले को सोशल मीडिया पर उठाया।
महुआ मोइत्रा ने पोस्ट में लिखा,यह बीजेपी की संस्कृति है,इसमें किसी को हैरानी क्यों हो रही है,मैंने इसे नजरअंदाज किया और एयरपोर्ट से सीधे अपनी मीटिंग में चली गई,लेकिन बाद में जब लोगों ने मुझे वह वीडियो भेजा जिसे संघी' लोग वायरल कर रहे थे। तभी मैंने इस मामले को उठाया। IndiGo ने मुझसे कहा कि उन्हें एक औपचारिक शिकायत चाहिए। जो मैं उन्हें भेज रही हूं।