नई दिल्ली।केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली और फरीदाबाद के बीच नई मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट(एमईएमयू)मेनलाइन रेल सेवा संचालित करने को मंजूरी दे दी है।एमईएमयू से दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस निर्णय को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र
मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन रोजगार,शिक्षा,व्यापार और अन्य कार्यों के लिए दिल्ली आते हैं।इससे आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।यह नई रेल सेवा न केवल यात्रियों का समय बचाएगी,बल्कि सड़क यातायात के दबाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और दैनिक यात्रियों द्वारा अतिरिक्त और सुविधाजनक रेल सेवा की मांग की जा रही थी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मौजूदा परिवहन व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव होने के कारण यात्रियों को भीड़,देरी और असुविधा का सामना करना पड़ता था। ऐसे में मेमू रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को तेज,सुलभ और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि एमईएमयू सेवा शुरू होने से यात्रियों को तेज,सुलभ और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। सीएम रेखा ने कहा कि दिल्ली सरकार आम नागरिकों की रोजाना जरूरतों और यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर लगातार काम कर रही है। सीएम रेखा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में परिवहन एवं कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को नई गति मिल रही है।
मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (मेमू) भारतीय रेलवे की आधुनिक इलेक्ट्रिक यात्री रेल सेवा है,इसे मुख्य रेल मार्गों पर कम और मध्यम दूरी के दैनिक आवागमन के लिए विकसित किया गया है। यह EMU रेल सेवा का विस्तारित रूप है, जिसका उपयोग शहरों के भीतर नहीं बल्कि शहरों और आसपास के कस्बों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए किया जाता है। इन रेलगाड़ियों में पारंपरिक ट्रेनों की तरह अलग इंजन नहीं होता,बल्कि मोटर कोच ही पूरी ट्रेन को शक्ति प्रदान करते हैं,जिससे ये बार-बार रुकने वाले मार्गों पर अधिक कुशलता से संचालित होती हैं।
मेमू रेलगाड़ियां 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से चलती हैं।दैनिक यात्रियों,कर्मचारियों,छात्रों और कामकाजी लोगों के लिए किफायती,तेज और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मानी जाती हैं। इसके साथ ही इनमें यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुविधा अधिक सहज होती है और कम दूरी की यात्रा अपेक्षाकृत तेज, किफायती तथा सुविधाजनक तरीके से होती है। आधुनिक मेमू रेलगाड़ियों में एलईडी लाइट, जीपीएस आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम,बायो-टॉयलेट, सीसीटीवी कैमरे और ऊर्जा दक्ष तकनीक जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बता दें कि दिल्ली से फरीदाबाद के लिए रोज 40 से ज्यादा ट्रेनें चलती हैं।इसमें से लगभग 15 लोकल ट्रेनें हैं,जो दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों और गाजियाबाद से पलवल,मथुरा,बल्लभगढ़ के लिए चलती हैं।सुबह के समय लोकल ट्रेनें कम हैं,जिससे यात्रियों को परेशानी होती है।अब नई ट्रेन चलने से उनकी परेशानी दूर होगी।नई ट्रेन में 12 कोच होंगे,इसमें लगभग 13 सौ यात्री यात्रा कर सकेंगे।पुरानी दिल्ली-फरीदाबाद सुबह 10:30 बजे 12 कोच लगभग 1300 यात्री यात्रा कर सकेंगे।फरीदाबाद-पुरानी दिल्ली दोपहर 2 बजे 12 कोच लगभग 1300 यात्री यात्रा कर सकेंगे।