नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने आज दूसरे दिन बुधवार को फिर प्रेस वार्ता की।केजरीवाल ने नेपाल और बांग्लादेश की तरह भारत में जेन जी आंदोलन की अपील की है।केजरीवाल ने नीट पेपर लीक के मुद्दे को आधार बनाकर जेन जी से सड़कों पर उतरने और आंदोलन की अपील की है।
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने नेपाल और बांग्लादेश का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार बदल दी,क्या हमारे देश के युवा पेपर लीक करने वाले मंत्रियों को जेल नहीं भेज सकते। बता दें कि भारत के पड़ोसी देश नेपाल और बांग्लादेश में हाल के समय में हिंसक प्रदर्शनों के जरिए सत्ता परिवर्तन देखने को मिला है।
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकारों और इसके नेताओं पर पेपर लीक का आरोप लगाते हुए कहा कि 2014 के बाद अब तक 93 पेपर लीक हुए हैं।केजरीवाल ने कहा कि सबसे अधिक पेपर लीक यूपी,राजस्थान,उत्तराखंड और गुजरात में हुए,जहां भाजपा की सरकारें हैं।केजरीवाल ने कहा कि सीबीआई उन लोगों को रिपोर्ट करती है,जो पेपर लीक करा रहे हैं,इसलिए वह कुछ नहीं कर सकती है।केजरीवाल ने कहा कि नीट पेपर लीक का केंद्र भी राजस्थान हैं,जिन पर शक की सुई गई है वे भाजपा नेता हैं। क्या इन पेपर लीक में भाजपा शामिल है,या नेता शामिल हैं, या सरकारों का संरक्षण हैं या सीधे सीधे इनके नेता ही लीक करवा रहे हैं,उनका धंधा है। यदि ऐसा है तो सीबीआई बेचारी क्या करेगी।
अरविंद केजरीवाल ने नेपाल और बांग्लादेश की तरह आंदोलन की अपील करते हुए कहा कि मेरा जेन जी से सीधा-सीधा पूछना है कि ऐसा ही चलेगा या कुछ करना है। इसी तरह पेपर लीक होंगे,अगर आपने कुछ नहीं किया।अगर नेपाल और बांग्लादेश का जेन जी अपने देश की सरकारों को बदल सकता है तो हमारे देश का जेन जी पेपरलीक करने वाले मंत्रियों को जेल नहीं भेज सकता है,भेज सकता है।मुझे अपने जेन जी पर पूरा भरोसा है,यह देश आपका है,इस देश के नेताओं को देश में कोई रुचि नहीं,उनके बच्चे विदेशों में पढ़ते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे देश के एक बहुत बड़े नेता ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो झोला उठाकर चल दूंगा। हम तो झोला उठाकर नहीं जा सकते हैं,हमारे बीवी बच्चे तो इसी देश में रहते हैं,हम तो इसी देश की पैदाइश हैं, हमें तो इस देश में रहना है तो हमें देश को बचाना होगा।केजरीवाल ने कहा कि पेपर लीक का पैसा टॉप तक पहुंच रहा है और जो लोग सिस्टम फेल की बात कर रहे हैं वह अनजाने में टॉप को बचा रहे हैं,टॉप को ही जेल में डालना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि सिस्टम फेल हो गया,मैं आपकी भावना समझता हूं,लेकिन जब आप सिस्टम की बात करते हैं तो आप उन नेताओं को बचाते हैं जो इस घिनौने खेल में शामिल हैं। जब साल दर साल पेपर लीक हो रहे हैं तो पैसा सबसे टॉप पर पहुंच रहा है। जब आप सिस्टम की बात करते हैं तो आप उस टॉप को बचा रहे हैं अनजाने में। केजरीवाल ने कहा कि इस सिस्टम कोई काल्पनिक नहीं है,सिस्टम के पीछे लोग हैं।सीधे आरोप लगाइए जो इसमें शामिल हैं,जेल में भेजिए, सड़कों पर उतरिए, आंदोलन कीजिए और इस घिनौने खेल को बंद कीजिए।
प्रेस वार्ता में अरविंद केजरीवाल ने रूस से तेल और गैस खरीद को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। केजरीवाल ने दावा किया कि रूस से भारत के लिए गैस लेकर आ रहे जहाज को भारत सरकार ने वापस कर दिया। केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ सरकार जनता से पेट्रोल-डीजल बचाने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील कर रही है, वहीं दूसरी तरफ रूस से तेल और गैस खरीदने से पीछे हट रही है.।
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिकी दबाव में रूस से तेल नहीं खरीद रही। केजरीवाल ने कहा कि भारत जैसे बड़े देश को अपने हितों के अनुसार फैसले लेने चाहिए।दुनिया के कई देश अपने फायदे के हिसाब से फैसले लेते हैं और भारत को भी जहां से सस्ता तेल और गैस मिले,वहां से खरीद करनी चाहिए। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रूस से तेल और गैस खरीद दोबारा शुरू करने की मांग की।