दिल्ली-एनसीआर को मिलेगा हाईस्पीड कनेक्टिविटी कॉरिडोर,सीएम रेखा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया निरीक्षण,4463 करोड़ की यह परियोजना जेवर एयरपोर्ट तक सफर बनाएगी आसान


दिल्ली-एनसीआर को मिलेगा हाईस्पीड कनेक्टिविटी कॉरिडोर,सीएम रेखा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया निरीक्षण,4463 करोड़ की यह परियोजना जेवर एयरपोर्ट तक सफर बनाएगी आसान

मनोज बिसारिया | 20 May 2026

 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने और अलग-अलग शहरों के बीच सफर आसान बनाने के लिए निर्माणाधीन डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे परियोजना पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है।बुधवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निरीक्षण किया।इस दौरान कई केंद्रीय राज्य मंत्री,सांसद और हरियाणा-दिल्ली सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे।

59 किमी लंबे इस हाईवे का 4463 करोड़ की लागत से होगा निर्माण 

लगभग 59 किलोमीटर लंबे इस हाईवे के निर्माण में लगभग 4463 करोड़ रुपये खर्च होंगे।ये हाईवे दिल्ली,नोएडा, गाजियाबाद,फरीदाबाद,गुरुग्राम और सोहना को तेज रफ्तार कनेक्टिविटी देगा।परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच काफी आसान हो जाएगी।

भारतमाला परियोजना के तहत बन रहा हाईवे

यह हाईवे भारतमाला परियोजना के तहत बन रहा है,इसे 6 लेन एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जा रहा है,जिससे वाहनों की आवाजाही तेज और सुरक्षित हो सके। इस प्रोजेक्ट में आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है,जिससे इसे भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जा सके।रेखा गुप्ता सरकार का कहना है कि इस हाईवे के चालू होने से दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों का सफर समय भी काफी घट जाएगा। खास तौर पर दक्षिण दिल्ली,फरीदाबाद और गुरुग्राम से जेवर एयरपोर्ट जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

आधुनिक तकनीक से तैयार हो रहा खास ब्रिज

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत 140 मीटर लंबा नेटवर्क आर्च ब्रिज है,इसे भारत की सबसे आधुनिक स्टील ब्रिज संरचनाओं में गिना जा रहा है।इस ब्रिज को टाइड-आर्च तकनीक और क्रॉस्ड हैंगर सिस्टम के जरिए डिजाइन किया गया है, जिससे इसकी मजबूती और सुरक्षा बढ़ती है।इसके अलावा प्रोजेक्ट में प्रीकास्ट सेगमेंटल कंस्ट्रक्शन,लॉन्चिंग गर्डर,हाई-स्ट्रेंथ स्टील,हाई-डैम्पिंग रबर बेयरिंग और आधुनिक एक्सपेंशन जॉइंट जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इन तकनीकों से हाईवे ज्यादा टिकाऊ और सुरक्षित बनेगा।

पर्यावरण को ध्यान में रखकर हो रहा निर्माण

इस परियोजना में पर्यावरण संरक्षण पर भी खास ध्यान दिया गया है।ओखला और गाजीपुर लैंडफिल की बायो-माइनिंग से निकली लगभग 2 लाख मीट्रिक टन निष्क्रिय सामग्री का इस्तेमाल सड़क निर्माण में किया गया है,इससे प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता कम हुई है।हाईवे के किनारे नॉइज बैरियर,लैंडस्केपिंग और बड़े स्तर पर पौधारोपण का काम भी किया जा रहा है।अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना आधुनिक विकास के साथ पर्यावरण संतुलन का भी उदाहरण बनेगी।

जेवर एयरपोर्ट तक सीधी पहुंच होगी आसान

परियोजना का एक बड़ा उद्देश्य नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट तक आसान और तेज कनेक्टिविटी देना है।इसके लिए फरीदाबाद के चंदावली गांव से लेकर गौतमबुद्धनगर के दयानापुर तक नया एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। लगभग 31 किलोमीटर लंबे इस हिस्से का निर्माण 2360 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।इस सड़क को यमुना एक्सप्रेसवे,ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा,जिससे उत्तर भारत से आने वाला ट्रैफिक सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच सकेगा और दिल्ली पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

बनाए जा रहे चार बड़े इंटरचेंज

इस परियोजना के तहत डीएनडी-सोहना हाईवे,ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे,यमुना एक्सप्रेसवे और डीएफसीसी कॉरिडोर पर चार बड़े इंटरचेंज बनाए जा रहे हैं।साथ ही एक एलिवेटेड कॉरिडोर और आठ लेन का रेलवे ओवर ब्रिज भी तैयार किया जा रहा है।इन इंटरचेंजों के बनने से फरीदाबाद, गुरुग्राम और दक्षिण दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट तक सफर काफी तेज हो जाएगा।लोगों को बार-बार ट्रैफिक जाम में फंसना नहीं पड़ेगा।

आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

विशेषज्ञों का मानना है कि इस हाईवे से एनसीआर में व्यापार, उद्योग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बड़ा फायदा होगा।बेहतर सड़क नेटवर्क बनने से माल ढुलाई आसान होगी और नए निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।यह कॉरिडोर फरीदाबाद मास्टर प्लान 2031 क्षेत्र से होकर गुजर रहा है,जिसे भविष्य के शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है,ऐसे में आने वाले वर्षों में इस इलाके में तेजी से विकास होने की संभावना जताई जा रही है।

सीएम रेखा ने जताया आभार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद किया। सीएम रेखा ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक परियोजना दिल्ली के भविष्य को बेहतर बनाने वाली बड़ी सौगात है। सीएम रेखा ने कहा कि यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर की तस्वीर बदल देगी और लाखों लोगों के लिए यात्रा को तेज,सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी।आने वाले समय में यह हाईवे राजधानी और आसपास के इलाकों के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved