दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी के कई जिलों में चलेगी भीषण लू, आईएमडी ने जारी किया 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट


दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी के कई जिलों में चलेगी भीषण लू, आईएमडी ने जारी किया 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट

मनोज बिसारिया | 20 May 2026

 

 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लू और भीषण लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यूपी के भी इन जिलों में भीषण लू की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़,भदोही,एटा,गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद,हाथरस,कानपुर नगर,मैनपुरी,मथुरा और मिर्जापुर में कई स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू चलने की संभावना है।

दिल्ली में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है। पूरे सप्ताह दिल्ली के लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।बुधवार को न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक दिनभर आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इसके साथ ही गर्म हवा के थपेड़े लोगों की परेशानी बढ़ाएंगे।

25 मई तक ऑरेंज अलर्ट

आईएमडी ने दिल्ली के लिए 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।मौसम की स्थिति स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए।

बरतें सावधानी

दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें,पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें,हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें,बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved