नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बकरीद से पहले रेखा गुप्ता सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं।इसी बीच रेखा सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने त्योहार के दौरान पशु कल्याण कानूनों के सख्त पालन को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है।कपिल मिश्रा ने साफ कहा है कि बकरीद पर गाय,बछड़ा,ऊंट और अन्य प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह गैरकानूनी है और ऐसा करने वालों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार को एक वीडियो मैसेज जारी करते हुए मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों,सड़कों और गलियों में कुर्बानी की किसी भी तरह की अनुमति नहीं होगी।केवल सरकार द्वारा निर्धारित वैध स्थानों पर ही कुर्बानी की जा सकेगी।अवैध पशु परिवहन, अवैध कुर्बानी और पशु क्रूरता के मामलों में विशेष निगरानी और कड़ी कार्रवाई का कपिल मिश्रा ने निर्देश दिए हैं।
बता दें कि रेखा गुप्ता सरकार की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि गाय,बछड़े,ऊंट और अन्य संरक्षित पशुओं की हत्या या कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की खरीद-बिक्री को भी गैरकानूनी बताया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
बकरीद को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भी राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।कई जिलों में अमन कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।शाहदरा,पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी जिलों में पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, आरडब्ल्यूए और बाजार संघों के साथ बैठक कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बाजारों,धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग, वाहन जांच और पिकेट निरीक्षण बढ़ा दिए गए हैं।लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने को कहा गया है।