नई दिल्ली।उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में आए चढ़ावे में चोरी के आरोप वाला मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राम मंदिर में करोड़ों की चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार की चुप्पी को संदिग्ध बताया था।अब आरोप लगाने वालों की लिस्ट में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह का नाम भी जुड़ गया है।संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और उनके लोगों को चंदा चोर कहा है।संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा- मंदिर से लगभग 7 करोड़ रुपये चोरी हुए हैं,इसके साथ ही मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय को खुली चुनौती भी दी है।
भाजपा चंदा चोर,मंदिर से 7 करोड़ की चोरी का दावा
आप सांसद संजय सिंह ने एक्स अकाउंट से एक वीडियो ट्वीट किया है।इस वीडियो में संजय सिंह ने कहा कि मैं लगातार कह रहा हूं कि भाजपा और उसके लोग चंदा चोर हैं,प्रभु श्री राम के नाम पर इन लोगों ने चंदा चोरी की है,जमीन का घोटाला किया हुआ है।पहले भी इनके बारे में हम लोग इसका खुलासा कर चुके हैं।संजय सिंह ने कहा कि ताजा मामला प्रभु श्री राम के दानपात्र में चोरी का मामला है। श्री राम को जो श्रद्धा के साथ लोग चढ़ावा चढ़ाते हैं, उसकी चोरी का मामला सामने आया है। करीब 7 करोड़ रुपये की चोरी का मामला सामने आया है।
सीसीटीवी में पकड़ी गई चढ़ावा चोरी, 4 लाख बरामद
संजय सिंह ने कहा कि कल से हम लोग आरोप लगा रहे थे, तो भाजपा कह रही थी कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है,लेकिन आज अखबारों की खबरें और जो सच्चाई अयोध्या से सामने आई है, उसमें साफ हो गया है कि चढ़ावा में चोरी होने के आरोप में 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।संजय सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में चढ़ावा में चोरी पकड़ी गई है। अविनाश शुक्ला नाम के व्यक्ति से पांच लाख रुपये चोरी का बरामद किया गया है।
देश,कोयला,बिजली,प्लेन,सड़क भाजपा सब खा गई
संजय सिंह कहा कि मैं भाजपा के लोगों से पूछना चाहता हूं कि तुम लोगों ने देश खा लिया,कोयला खा लिया,बिजली खाई,प्लेन खाया,एयरपोर्ट खाया,पेपर लीक में पैसा खाया, सड़कों में पैसा खाया सबकुछ पैसा खा गए। अब तुमसे रहा नहीं जाता है तो तुम भगवान श्री राम के नाम पर भी पैसे चोरी कर रहे हो।संजय सिंह ने कहा कि तुम्हारा तो सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए।कितने घृणा के पात्र हैं ये लोग,जिन्होंने भगवान तक को नहीं छोड़ा है।
संजय सिंह ने चंपत राय को क्या चुनौती दी
संजय सिंह ने कहा कि मैं मांग करता हूं कि इस मामले में जो भी दोषी हैं,उन्हें जेल में डालना चाहिए।अब दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है कि प्रभु श्री राम के नाम पर चढ़ावे में चोरी की गई है।संजय सिंह ने मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय को एक चुनौती भी दी है।चंपत राय जी अगर आप सच बोल रहे हैं, तो कृपया करके प्रभु श्री राम की मूर्ति पर हाथ रखकर सौगंध खाइए कि चोरी नहीं हुई है। खाइए आप कसम, हम लोग आपकी बात मान लेंगे।