नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में योगी मॉडल का फॉर्मूला लागू हो गया है।अवैध निर्माण दिल्ली से नक्शे से साफ हो रहा है।अब तक कई इमारतें ध्वस्त और सील की जा चुकी हैं। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड के बाद चौथे दिन सोमवार को भी रेखा गुप्ता सरकार और एमसीडी प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रहीं।दिल्ली में भवन उपनियमों के उल्लंघन,अवैध निर्माण करने,भवन सुरक्षा के नियमों का अनुपालन न करने,डीडीए मास्टर प्लान-2021 के नियमों व दिल्ली नगर निगम के अधिनियम-1957 के नियमों के अवहेलना करने के खिलाफ उल्लंघनकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेश पर विभागों की तरफ से अवैध निर्माण व नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कितनी प्रॉपर्टी हुई जमींदोज,कितनी हुईं सील
रेखा गुप्ता सरकार के राजस्व विभाग ने सोमवार को 86 संपत्तियों को नियमों के उल्लंघन के खिलाफ नोटिस जारी किए।इसमें से एक संपत्ति के खिलाफ भवन उपनियमों का उल्लंघन करने पर एमसीडी को कार्रवाई करने के लिए बोला गया। वहीं एमसीडी प्रशासन ने सोमवार को 26 संपत्तियों को नियमों के अनुलापन न करने व उल्लंघन करने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई। इसके अलावा 42 संपत्तियों को सील किया।एमसीडी प्रशासन ने सोमवार को 10 संपत्तियों को शोकॉज नोटिस जारी किए और नौ संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्त करने के आदेश जारी किए।
दक्षिण जोन में बड़ी कार्रवाई
निगम अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण जोन में लगातार नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है।सोमवार को दक्षिणी दिल्ली में 9 बड़ी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई और संपत्तियों को सील किया गया।अधिकारियों ने बताया कि इसमें सैदुलाजाब,अधचिनी,फ्रीडम फाइटर कॉलोनी,सावित्री नगर,खिड़की एक्सटेंशन,छत्तरपुर पहाड़ी में अवैध व अनधिकृत निर्माण और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन पर कार्रवाई की गई।यह सभी कार्रवाई भवन उपनियमों के उल्लंघन के मद्देनजर की गई।
दक्षिण जोन में 56 संपत्तियों के खिलाफ हुई कार्रवाई
दिल्ली में बीते समय साकेत के सैदुलाजाब में अवैध तरीके से बनाई जा रही इमारत के निर्माण के बाद लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसके साथ ही मालवीय नगर के हौजरानी में हुए अग्निकांड से भी सबक लेते हुए सख्त कार्रवाई हो रही है। इस संबंध में निगम अधिकारियों ने बताया कि एक जून से लेकर अब तक दक्षिण जोन में कुल 56 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की गई है,इसमें सैदुलाजाब,हौजरानी,खिड़की एक्सटेंशन,सावित्री नगर, बेगमपुर,छत्तरपुर,सैनिक फॉर्म और गौतम नगर के क्षेत्र शामिल हैं।
अवैध निर्माण पर निगरानी के लिए टीमें तैनात
निगम अधिकारियों ने बताया कि निगम के सभी बारह जोन में अवैध निर्माण की निगरानी करने के लिए कई टीमों तैनात की गई हैं।इन टीमों की तरफ से जोन स्तर पर लगातार निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।अवैध निर्माण और भवन उपनियमों के उल्लंघन करने वाली अवैध व अनधिकृत निर्माण की पहचान करने के आदेश दिए गए हैं,इसके बाद उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग के नोटिस जारी कर रहे हैं। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
भवन सुरक्षा को लेकर छानबीन
निगम अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में सभी प्रकार की व्यावसायिक व आवासीय इमारतों की भवन सुरक्षा के मानकों पर गंभीरता से जांच की जा रही है। इसमें यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यदि किसी भी प्रकार से कोई इमारत काफी पुरानी है और वह खतरनाक है। तब ऐसी इमारतों व संपत्तियों के खिलाफ निगम की टीमों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
1 जून से 123 संपत्तियां जमींदोज, 170 सील
निगम अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में सभी निवासियों से अपील कर रहे हैं कि वह किसी भी प्रकार की संपत्ति को खरीदने से पहले उसकी अच्छे से निगम के जोनल कार्यालय जांच करें कि यदि बेचने वालों की तरफ से उस संपत्ति या इमारत का वैध निर्माण है या नहीं। अब तक एमसीडी ने भवन उपनियमों के उल्लंघन के खिलाफ शहरव्यापी व्यापक कार्रवाई के तहत 1 जून से 123 संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया है और 170 संपत्तियों को सील कर दिया है।