अनुपम खेर ने रामलला का किया दर्शन,बोले-चोरों की वजह से राम मंदिर का सम्मान कम नहीं हो सकता


अनुपम खेर ने रामलला का किया दर्शन,बोले-चोरों की वजह से राम मंदिर का सम्मान कम नहीं हो सकता

धनंजय सिंह | 08 Jul 2026

 

अयोध्या।दिग्गज फिल्म अभिनेता अनुपम खेर बुधवार को अयोध्या पहुंचे।अनुपम खेर ने हनुमानगढ़ी में बजरंगबली और राम मंदिर में रामलला का दर्शन किया।अनुपम खेर ने दान चोरी पर कहा कि राम मंदिर में दान चोरी से यहां का सम्मान कम नहीं होगा।राम मंदिर को लेकर लोगों के अंदर जो आस्था है,वह भी कम नहीं होगी। बता दें कि अनुपम खेर अपनी आने वाली फिल्म श्रीराम भूमि की शूटिंग के लिए यहां पहुंचे हैं। लगभग दस दिनों तक फिल्म की शूटिंग यहां चलेगी। 

राम मंदिर में दान चोरी को लेकर अनुपम खेर ने कहा कि चोर हर जगह मिल सकते हैं,इससे मंदिर की गरिमा या पवित्रता कम नहीं होती। न ही मंदिर का सम्मान कम होता है। लोगों की आस्था भी इस चोरी से कम नहीं होगी। अनुपम खेर ने कहा कि जिस मंदिर को बनने में 500 साल लग गए हैं, उसका सम्मान कुछ लोगों की हरकतों से कम नहीं हो सकता है।

अनुपम खेर ने कहा कि अगर किसी के घर में चोरी होती है तो चोर को दोषी ठहराते हैं,चोर को कोसते हैं,घर पर लांछन नहीं लगाते हैं,जो हुआ गलत हुआ,नहीं होना चाहिए था जिन्होंने ऐसा किया है, उन्हें पकड़ा जाना चाहिए। इसका सनातन या रामचंद्र जी की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

मंदिर को दिए गए दान को लेकर लोगों को सवाल उठाने और उनके गायब होने की बातों पर अनुपम खेर ने कहा कि जिन लोगों ने भगवान को दान दिया, उन्होंने रिश्वत के तौर पर नहीं दिया था कि बदले में भगवान उनके दान की सुरक्षा या हिफ़ाज़त करेंगे। ऐसे में दान को लेकर इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए।

अनुपम खेर ने कहा कि यहां आकर और दर्शन करके बहुत अच्छा लगा है।अनुपम खेर ने कहा कि अयोध्या आता रहता हूं।मेरे दादा जी भी अयोध्या आते रहते थे। प्राण प्रतिष्ठा के दिन भी आया था। यहां पर लोगों की भीड़ और आस्था देखकर आंखों में आंसू भी आते हैं और श्रद्धा का भाव भी आता है।

अनुपम खेर ने कहा कि यहां पर आधारित नई फिल्म की शुरुआत कर रहा हूं,इसका नाम श्रीराम भूमि है। मंदिर की स्थापना कैसे और कितने कष्टों का सामना करना पड़ा, उस पर आधारित यह फिल्म है। फिल्म को प्रोड्यूस जी स्टूडियो कर रही है।

बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला इस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। कहा जा रहा है कि चोरी के कारण लोगों की आस्था पर चोट पहुंची है। यहां दर्शन पूजन करने आने वालों की संख्या भी काफी कम होने की बात कही जा रही है। मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी के साथ ही पुलिस भी जांच कर रही है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved