महाराजा अग्रसेन की एक ईंट-एक रुपया समाजवाद को पूरे देश में करेगा पुनर्जीवित करेगा
श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट,मेरठ का अग्रोधाम बनेगा विश्वस्तरीय सनातन सेवा,संस्कार और सामाजिक समरसता का धाम:विनीत अग्रवाल शारदा
गाजियाबाद।मोदीनगर नगर में रविवार को श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की एक विराट और ऐतिहासिक सभा उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई,जिसमें भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष और श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।सभा की अध्यक्षता मोदीनगर वैश्य समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष मुन्नूलाल (मुन्नू) अग्रवाल ने की, जबकि सभा के संयोजक भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंगल रहे और संचालन अजय गुप्ता ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति की आधारशिला मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की मर्यादा,योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग,कुलदेवी मां महालक्ष्मी की समृद्धि तथा महाराजा अग्रसेन के समरसता,सेवा,उद्यम,समानता और समाजवाद के आदर्शों पर टिकी है।
विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने अपने अग्रोधाम में उस समय एक अद्भुत सामाजिक व्यवस्था स्थापित की थी,जब कोई नया अग्रवाल परिवार उनके राज्य में बसने आता था तो वहां का प्रत्येक परिवार उसे एक ईंट और एक रुपया देकर आत्मनिर्भर बनने में सहयोग करता था।
यही भारतीय समाजवाद का सबसे श्रेष्ठ और मानवीय स्वरूप था।
विनीत अग्रवाल शारदा ने घोषणा करते हुए कहा कि मेरठ में निर्माणाधीन श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के मंदिर,अस्पताल और वृद्धाश्रम का कार्य पूर्ण होने के बाद इसी ऐतिहासिक परंपरा को पूरे उत्तर प्रदेश एवं देशभर में पुनः प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट एक निश्चित सहयोग राशि निर्धारित करेगा और जिस भी गांव,कस्बे अथवा शहर में कोई निर्धन, पीड़ित अथवा जरूरतमंद अग्रवाल परिवार आकर बसेगा, वहां का प्रत्येक अग्रवाल परिवार महाराजा अग्रसेन की परंपरा के अनुसार उसे एक ईंट एवं निर्धारित सहयोग राशि प्रदान करेगा।
विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का यही समाजवाद भारत को पुनः विश्वगुरु और सोने की चिड़िया बनाने की दिशा में सबसे बड़ा सामाजिक अभियान सिद्ध होगा।उन्होंने कहा कि इसी संकल्प को साकार करने के लिए मेरठ में लगभग बारह हजार वर्गगज भूमि पर देश का दूसरा भव्य अग्रोधाम बनाया जा रहा है,जिसमें महाराजा अग्रसेन जी का भव्य मंदिर,कुलदेवी मां महालक्ष्मी का मंदिर,भगवान शिव-पार्वती परिवार का मंदिर, 51 फुट ऊंची भगवान श्रीहनुमान जी की दिव्य प्रतिमा,50 शैय्याओं वाला आधुनिक निःशुल्क चिकित्सालय, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट युक्त आधुनिक वृद्धाश्रम, दो विशाल सभागार, छोटे सभागार, सनातन संस्कृति की यज्ञ शाला तथा प्रतिदिन भगवान को भोग एवं एक साथ चार परिवारों द्वारा छप्पन भोग अर्पित करने की व्यवस्था होगी।
विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि यह अग्रोधाम केवल भवन नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सनातन संस्कृति,सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का विश्वस्तरीय धाम होगा। उन्होंने कहा कि आज अग्रवाल समाज को अपनी शक्ति पहचानने और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर संगठित होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।यह वही समाज है,जिसने सदैव राष्ट्र,धर्म,समाज और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त किया, सभी को दिया,लेकिन कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगा।
अब समय आ गया है कि अग्रवाल समाज अपनी शक्ति का परिचय दें।
संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का उत्तर प्रदेश संगठन छह क्षेत्र,पश्चिम उत्तर प्रदेश,ब्रज क्षेत्र,कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र,अवध क्षेत्र,गोरख क्षेत्र एवं काशी क्षेत्र में गठित किया जाएगा तथा प्रत्येक क्षेत्र एवं प्रत्येक जिले में संगठन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदीनगर की बैठक में सर्वसम्मति से श्री प्रमोद सिंगल के नाम का जिला अध्यक्ष के लिए अनुमोदन किया गया और गाजियाबाद से एक प्रदेश पदाधिकारी एवं एक क्षेत्रीय पदाधिकारी के नाम दो दिनों में देने पर सहमति बनी।
विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश भगवान श्रीराम,भगवान श्रीकृष्ण एवं महाराजा अग्रसेन के लोककल्याणकारी आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था,अपराध नियंत्रण एवं सुशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में रामराज्य की भावना साकार हो रही है।उन्होंने सावन एवं कांवड़ यात्रा के पावन माह में पूरे उत्तर प्रदेश में शराबबंदी तथा मांस बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी की।
अपने संबोधन के समापन पर विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा, राष्ट्र मेरा धर्म है,भारतीय जनता पार्टी मेरी मां है और अग्रवाल समाज तथा व्यापारी समाज मेरी आत्मा हैं,जहां मेरे समाज के सम्मान और सेवा की आवश्यकता होगी, वहां मेरे शरीर के पसीने की प्रत्येक बूंद और रक्त की प्रत्येक बूंद समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहेगी।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंगल ने कहा कि मोदीनगर की यह ऐतिहासिक सभा समाज की एकता,संगठन और स्वाभिमान का नया अध्याय है।मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोधाम पूरे देश के अग्रवाल समाज की आस्था,सेवा और संस्कार का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा।उन्होंने सभी अग्रवाल बंधुओं से आह्वान किया कि वे महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा अग्रोधाम निर्माण के इस महाअभियान में तन, मन और धन से सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गाजियाबाद जनपद इस अभियान में पूरे उत्तर प्रदेश के लिए अग्रणी भूमिका निभाएगा। सभा का समापन महाराजा अग्रसेन जी एवं भारत माता की जय के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।
सभा में मेरठ से आए श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी दीपक गुप्ता,राकेश गोयल,देवराज मित्तल संरक्षक वैश्य समाज, अमित गोयल (अध्यक्ष व्यापार मंडल), सतेंद्र गुप्ता,अमित गुप्ता,संजय गुप्ता,सुशील बिंदल,संजय सिंगल,अश्वनी गुप्ता, महेश तायल,प्रमोद सिंगल,दिनेश जिंदल,राजेंद्र गोयल,राजेश गुप्ता,दीपक दारिका,परवीन अग्रवाल,भारतीय जनता पार्टी गाजियाबाद के सह संयोजक परवीन अग्रवाल सहित सैकड़ों अग्रवाल बंधुओं ने भाग लेकर अग्रोधाम निर्माण में तन, मन और धन से सहयोग का संकल्प लिया।