गजब:शादी के पांचवें दिन पत्नी प्रेमी के साथ फरार,मिठाई खरीदने के दौरान पति को दिया चकमा


गजब:शादी के पांचवें दिन पत्नी प्रेमी के साथ फरार,मिठाई खरीदने के दौरान पति को दिया चकमा

धनंजय सिंह | 28 Jul 2026

 

आगरा।उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवक के साथ हनीमून से पहले ही बड़ा खेला हो गया है।शादी के पांचवें ही दिन पत्नी बीच रास्ते में पति को चकमा देकर प्रेमी के साथ फरार हो गई है।प्रेमी के साथ पत्नी के फरार होने से पति हैरान हो गया। पहले तो उसे कुछ समझ ही नहीं आया।फिर आसपास के लोगों ने बताया कि एक कार में बैठकर किसी के साथ उसकी पत्नी निकल गई है।

पीड़ित पति खुद को किसी तरह संभालते हुए वह पिनाहट थाने पहुंचा और पत्नी के खिलाफ तहरीर दी।तहरीर में बताया कि पत्नी अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण और नौ हजार रुपए भी ले गई है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है,जिस कार से फरार हुई,उसका नंबर हासिल कर सुराग लगा रही है। नवविवाहिता के मायके वालों से भी संपर्क साधा जा रहा है।यह भी पता चला है कि नवविवाहिता शादी से पहले भी प्रेमी के साथ भाग चुकी है।

मध्य प्रदेश के मुरैना के थाना महुआ क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने बताया कि उसकी शादी पिनाहट के एक गांव की युवती से 22 जुलाई को हुई थी। 27 जुलाई सोमवार को वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ पत्नी को लेकर अपने ससुराल पिनाहट आ रहा था।

पहली बार ससुराल जाने के कारण रास्ते में नंदगवां तिराहे पर वह मिठाई खरीदने के लिए रुका।इसी दौरान उसकी पत्नी ने लघुशंका जाने की बात कही और सड़के के किनारे से होते हुए कुछ आगे तक चली गई।मिठाई लेने के बाद काफी देर तक वह पत्नी का इंतजार करता रहा,लेकिन वह नहीं आई। इस पर उसने आसपास तलाश शुरू कर दी। मन में कई तरह की आशंकाएं आने लगीं।

पत्नी जिस तरफ गई थी,उधर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछा तो असलियत का पता चल गया।लोगों ने बताया कि विवाहिता पैदल ही आई और एक कार में बैठकर चली गई है। यह सुनते ही पति के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह सीधे पिनाहट थाने पहुंच गया। पत्नी के इस तरह से कार में बैठकर किसी के साथ फरार होने की बात कही।

पति ने पुलिस को बताया कि उसके पास आभूषण और नगदी भी है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर नवविवाहिता की तलाश में जुट गई है। उसके मायके वालों से भी संपर्क किया गया तो पता चला कि पहले भी प्रेमी के साथ भाग चुकी है।

थाना प्रभारी वीरेश पाल गिरी ने बताया कि शादी से पहले भी हाथरस निवासी अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। कहा कि पति की शिकायत पर नवविवाहिता की तलाश की जा रही है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved