संभल।देवाधिदेव महादेव का प्रिय महीने सावन में चारों तरफ भगवा ही भगवा नजर आ रहा है,कंधों पर कांवड़, होंठों पर हर हर महादेव और आंखों में महादेव के दर्शन की आस है,आस्था और श्रद्धा की अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं।उत्तर प्रदेश के संभल में इस बार कांवड़ यात्रा की एक तस्वीर ने खासा ध्यान खींचा है।कांवड़ियों के सिर पर महादेव की भक्ति के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई की दीवानगी भी दिखाई दी।
बृजघाट गंगा घाट से 41 लीटर गंगाजल लेकर संभल पहुंचे कांवड़ियों के जत्थे ने अपनी कांवड़ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एसपी केके बिश्नोई की तस्वीरें लगा रखी थीं। कांवड़ यात्रा के दौरान जहां हर हर महादेव के जयकारे गूंज रहे थे,वहीं कांवड़िए योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद और एसपी केके बिश्नोई की जय के नारे भी लगाते नजर आए। सबसे खास बात यह रही कि संभल पहुंचने पर इस कांवड़ यात्रा का मुस्लिम युवकों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। कांवड़ यात्रा की यह तस्वीर आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द का संदेश देती नजर आई।
संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले निखिल प्रजापति समेत शिवभक्तों का एक जत्था बृजघाट गंगा घाट से कांवड़ लेकर संभल पहुंचा।कांवड़ में 41 लीटर गंगाजल भरा गया था।इस कांवड़ की सबसे अलग बात इसकी सजावट थी। कांवड़ पर देवाधिदेव महादेव के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संभल के एसपी केके बिश्नोई की तस्वीरें लगाई गई थीं।कांवड़िए जब सड़कों से गुजर रहे थे तो माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।हर हर महादेव के उद्घोष के बीच कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एसपी केके बिश्नोई के समर्थन में भी नारे लगाए।कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों की नजरें भी इस अनोखी कांवड़ पर टिक गईं।
कांवड़ पर सीएम योगी और एसपी केके बिश्नोई की तस्वीर लगाने को लेकर कांवड़ियों ने अपनी वजह भी बताई। कांवड़ियों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है।संभल में एसपी केके बिश्नोई ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया और अपराध के खिलाफ कार्रवाई की,इसी काम से प्रभावित होकर उन्होंने कांवड़ पर दोनों की तस्वीर लगाई है।
कांवड़ लेकर पहुंचे निखिल प्रजापति ने बताया कि उनकी कांवड़ 41 लीटर की है और इसमें बृजघाट से गंगाजल भरकर संभल लाया गया है।योगी आदित्यनाथ और एसपी केके बिश्नोई का काम उन्हें पसंद आया, इसलिए दोनों की तस्वीर कांवड़ पर लगाई गई।
कांवड़ियों ने एसपी केके बिश्नोई की कार्यशैली की भी तारीफ की।उनका कहना है कि संभल जैसे जिले में कानून-व्यवस्था को संभालना आसान काम नहीं है।संभल में पहले भी कई पुलिस अधिकारी तैनात रहे,लेकिन एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के काम करने का तरीका उन्हें अलग लगा।उनका कहना है कि एसपी केके बिश्नोई ने अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है,इसी वजह से उनके मन में एसपी के प्रति सम्मान पैदा हुआ और उन्होंने अपनी कांवड़ पर उनकी तस्वीर लगाने का फैसला किया।बता दें कि संभल एसपी केके बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में संभल के एसपी हैं।केके विश्नोई संभल में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं।
सीएम योगी और एसपी केके बिश्नोई को लेकर अपनी भावना को एक लाइन में बताते हुए कांवड़ियों ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को संभालने का काम किया है और केके बिश्नोई ने संभल को संभालने का काम किया है,इसी सोच के साथ कांवड़ पर दोनों की तस्वीर लगाई गई है।कांवड़ियों के मुताबिक यह उनके सम्मान और अपनी भावना को व्यक्त करने का तरीका है,उनके लिए भगवान भोलेनाथ की भक्ति के साथ उन लोगों के प्रति सम्मान जताना भी जरूरी है,जिन्हें वे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए जिम्मेदार मानते हैं।
संभल पहुंचने के बाद इस कांवड़ यात्रा की एक और तस्वीर सामने आई,जिसने लोगों का ध्यान खींचा।चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने मुस्लिम युवकों ने कांवड़ियों के जत्थे पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।कांवड़िए बृजघाट से गंगाजल लेकर आगे बढ़ रहे थे और दूसरी ओर मुस्लिम युवकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया,इस दौरान माहौल सौहार्दपूर्ण नजर आया।कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई यह तस्वीर इसलिए भी खास रही क्योंकि एक तरफ कांवड़िए हर-हर महादेव का उद्घोष कर रहे थे तो दूसरी तरफ स्थानीय मुस्लिम युवकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।कांवड़ियों का यह जत्था बृजघाट से 41 लीटर गंगाजल लेकर संभल पहुंचा है।अब शिव तेरस के अवसर पर इसी जल से महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।कांवड़ियों के लिए बृजघाट से गंगाजल लाने से लेकर उसे अपने गंतव्य तक पहुंचाना आस्था और संकल्प की यात्रा है।पूरे रास्ते महादेव के जयकारों के साथ यह जत्था आगे बढ़ा और संभल पहुंचने के बाद भी भक्तिमय माहौल बना रहा।
सीएम योगी और एसपी केके बिश्नोई की तस्वीर लगी कांवड़ लेकर पहुंचे कांवड़ियों की चर्चा जब पुलिस अधिकारियों तक पहुंची तो एसपी केके बिश्नोई भी कांवड़ियों से मिलने पहुंचे। कांवड़ियों ने एसपी से बातचीत की और उनके काम की तारीफ की।इस दौरान कांवड़ पर लगी उनकी तस्वीर भी चर्चा का केंद्र बनी रही। कांवड़ियों ने बताया कि उन्होंने अपनी भावना के मुताबिक यह कांवड़ तैयार की है और इसका उद्देश्य अपने पसंदीदा नेताओं और अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना है।