नासिक।देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी महाराष्ट्र की लासलगांव एपीएमसी में पिछले दो कारोबारी सत्रों में प्याज के औसत थोक भाव में तेज उछाल दर्ज किया गया।सोमवार को भाव बढ़कर 4,251 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। आपूर्ति में कमी और लगातार बनी मांग के बीच कीमतों में यह तेजी आई है। शुक्रवार को लासलगांव में प्याज का औसत थोक भाव 3,700 रुपये प्रति क्विंटल था,जो सोमवार को लगभग 15 फीसदी बढ़कर 4,251 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।सोमवार को अधिकतम भाव 4,545 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
नासिक से आज दिल्ली पहुंचेगी कांदा एक्सप्रेस
इस तेजी का असर अब खुदरा बाजार में भी दिखाई देने लगा है।नासिक में सोमवार को अच्छी गुणवत्ता वाला प्याज 50 रुपये प्रति किलो तक बिका।कारोबारियों का अनुमान है कि कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।वहीं एपीएमसी अधिकारियों के मुताबिक पिछले तीन-चार हफ्तों में प्याज की आवक करीब 15,000 क्विंटल से घटकर 9,000 क्विंटल रह गई है।वहीं केंद्रीय एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक खुदरा कीमतों पर नियंत्रण के लिए बफर स्टॉक से करीब 800 मीट्रिक टन प्याज मंगलवार को रेल के जरिए नासिक से दिल्ली भेजा जाएगा।
दिल्ली में तेजी से बढ़ी है प्याज की कीमत
राजधानी दिल्ली में दो हफ्ते पहले तक प्याज मंडी में 15 से 20 रुपए किलो तक बिक रहा था।प्याज की कीमत दिल्ली में आज 50 रुपए किलो हो गयी है।यानी प्याज की कीमतों में 70 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।अगर सप्लाई समय से नहीं पहुंची तो आने वाले समय में प्याज और भी महंगी हो सकती है।प्याज विक्रेताओं ने बताया कि पहले प्याज 20 से 25 रुपये किलो बेचते थे तो कभी कभी 30 रुपये भी बेचते थे,लेकिन अब 50 रुपये किलो मंडी से खरीद रहे हैं तो 60 से 62 रुपये किलो बेचेंगे।
क्यों बढ़ी है प्याज की कीमत
राजधानी दिल्ली के आजादपुर मंडी में जहां रोजाना प्याज के 100 ट्रक आते थे वहां अब केवल 40 ट्रक ही आ रहे हैं। मंडी में सप्लाई कम है और धीरे-धीरे स्टॉक भी खत्म हो रहा है। इसीलिए प्याज की कीमतों में उछाल आया है। प्याज खरीदारों के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण प्याज की खेती को नुकसान हुआ है,किसानों के पास बेचने के लिए प्याज नहीं है।फसल खराब होने के कारण मंडी तक भी प्याज नहीं पहुंच पा रही है और पुराना स्टॉक अब इस्तेमाल किया जा रहा है। प्याज की सप्लाई सुचारू रूप से चले,इसके लिए अब सरकार कांदा एक्सप्रेस चला रही है, जिसकी पहली खेप आज राजधानी दिल्ली पहुंचेगी।