7 वर्षीय नन्ही धाविका अनामिका ने 30किमी दौड़कर बापू को किया नमन, 3 घंटे 40 मिनट में पूरी की दौड़,ओलंपिक में गोल्ड जीतने का है सपना


7 वर्षीय नन्ही धाविका अनामिका ने 30किमी दौड़कर बापू को किया नमन, 3 घंटे 40 मिनट में पूरी की दौड़,ओलंपिक में गोल्ड जीतने का है सपना

धनंजय सिंह | 02 Oct 2026

 

गोंडा।उत्तर प्रदेश के गोंडा में 7 साल की नन्ही धाविका अनामिका मिश्रा ने गांधी जयंती पर 30 किलोमीटर दौड़ पूरी कर बापू को नमन किया।कक्षा 2 में पढ़ने वाली अनामिका ने हाथ में तिरंगा झंडा लेकर अपने स्कूल से गांधी पार्क तक 30 किलोमीटर की दौड़ी।अनामिका ने यह दूरी 3 घंटे 40 मिनट में पूरी की।अनामिका की रफ्तार से लोग हैरान रह गए।

नन्ही धाविका अनामिका मिश्रा ने सुबह 6 बजे इटियाथोक के भीखमपुरवा प्राथमिक विद्यालय से अपनी दौड़ शुरू की। लगभग 3 घंटे 40 मिनट बाद सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर अनामिका गोंडा नगर के गांधी पार्क पहुंची। यहां भारत माता के जयकारों के बीच अनामिका ने अपनी दौड़ पूरी की और महात्मा गांधी को नमन किया।

पूरी दौड़ के दौरान अनामिका मिश्रा की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ शिक्षकों और शुभचिंतकों की टीम मौजूद रही।गांधी पार्क पहुंचने पर देवी पाटन मंडल के डीआईजी अशोक शुक्ला समेत प्रतिष्ठित नागरिकों ने माला पहनाकर नन्ही धाविका अनामिका मिश्रा का स्वागत किया और उसका हौसला बढ़ाया।

नन्ही धाविका अनामिका मिश्रा का सपना है कि वह भविष्य में ओलंपिक की मैराथन में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन करे।इसके लिए अभी से अनामिका अपने शिक्षक पिता मनोज मिश्रा की निगरानी में मैराथन की तैयारी कर रही है। अनामिका की प्रेरणा उसकी बड़ी बहन अंशिका मिश्रा भी है। अंशिका कक्षा 10 में पढ़ती है।

अंशिका जब कक्षा 3 में थी तब उसने 6.26 सेकेंड में भारत के सभी जिलों के नाम सुनाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया था।घर में लगातार मेडल और उपलब्धियां देखकर अनामिका भी प्रेरित हुई और उसने खुद मेडल जीतने का सपना देखा।इसके बाद उसने पिता की देख-रेख में अपनी तैयारी शुरू की।

बीते साल अनामिका ने 8 मिनट में 240 पुशअप लगाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया था। पिछले साल 2 अक्टूबर को ही अनामिका ने 45 मिनट में 10 किलोमीटर दौड़ पूरी कर लोगों को हैरान कर दिया था।अब गांधी जयंती पर 30 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर अनामिका ने अपनी एक और उपलब्धि दर्ज कराई है।

अनामिका मिश्रा के पिता मनोज मिश्रा गोंडा के भीखमपुरवा प्राथमिक विद्यालय इटियाथोक के प्रधानाध्यापक हैं।मनोज मिश्रा 6 बच्चों के पिता हैं।मनोज मिश्रा का सपना है कि उनके स्कूल के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाएं,इसी सोच के साथ उन्होंने बच्चों को अलग-अलग विधाओं में तराशना शुरू किया।

मनोज मिश्रा ने इसकी शुरुआत अपनी बड़ी बेटी अंशिका मिश्रा से की,इसके बाद परिवार में मिली उपलब्धियों और मेडल से प्रेरित होकर अनामिका ने भी अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखानी शुरू की। मनोज मिश्रा के स्कूल की पांच छात्राओं ने अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया है।

गांधी जयंती पर जब नन्ही धाविका अनामिका मिश्रा हाथ में झंडा लेकर सड़क पर दौड़ रही थी,तो रास्ते में उसे देखने वाले लोग भी हैरान रह गए।पुलिस,शिक्षकों और शुभचिंतकों के सुरक्षा घेरे में 30 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने वाली इस नन्ही धाविका ने अब अपने अगले लक्ष्य के तौर पर ओलंपिक मैराथन में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सपना रखा है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved