काशी में आसमान में गूंजी फाइटर प्लेन की गर्जना,एयर शो में ये विमान दिखाएंगे अपना पराक्रम


काशी में आसमान में गूंजी फाइटर प्लेन की गर्जना,एयर शो में ये विमान दिखाएंगे अपना पराक्रम

धनंजय सिंह | 20 Oct 2026

 

वाराणसी।भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आध्यात्मिक नगरी काशी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को विंग्स ओवर गंगा एयर शो का भव्य आयोजन किया जा रहा है।इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के तहत सोमवार को नमो घाट से सामने घाट तक लड़ाकू विमानों ने पूर्व अभ्यास और आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की देखरेख में व्यापक तैयारियां की गई हैं।

काशी में आसमान में गूंजी फाइटर प्लेन की गर्जना

आध्यात्मिक नगरी काशी के नमो घाट से लेकर अस्सी घाट और गंगा के दोनों किनारों पर सोमवार सुबह भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की पूर्व अभ्यास उड़ानें देखने को मिलीं।एक साथ चार लड़ाकू विमानों को देखकर लोग अपने मोबाइल में तस्वीरें कैद करने से खुद को रोक नहीं पाए।काशी में इस तरह के एयर शो का आयोजन पहली बार हो रहा है, जिससे काशी के लोगों में और पर्यटकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

ये विमान दिखाएंगे अपना पराक्रम

बता दें कि इस एयर शो में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम,सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम,राफेल,तेजस,सुखोई-30 एमकेआई, प्रचंड हेलीकॉप्टर,आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 जैसे अत्याधुनिक विमान अपना पराक्रम दिखाएंगे।गंगा की लहरों और घाटों की पृष्ठभूमि में होने वाले इस प्रदर्शन में केसरिया,सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी,ये भारतीय वायुसेना की ताकत का प्रदर्शन करेंगी।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम

लाखों की संख्या में आने वाले दर्शकों को देखते हुए प्रशासन ने कड़े प्रबंध किए हैं।पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन के लिए गंगा तट के डेढ़ किलोमीटर के दायरे को नो-विकल जोन बनाया गया है तथा 79 अस्थाई थाने सक्रिय कर दिए गए हैं।मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने स्पष्ट किया कि एयर शो के दौरान गंगा में नौका संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा ये आयोजन

बता दें कि विंग्स ओवर गंगा की परिकल्पना आध्यात्मिक नगरी काशी की प्राचीन संस्कृति और आधुनिक सैन्य तकनीक को एक मंच पर लाने की है।इस आयोजन का उद्देश्य न केवल भारतीय वायुसेना के अनुशासन और पराक्रम को प्रदर्शित करना है, बल्कि युवाओं को विमानन,आधुनिक तकनीक और देश सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित करना भी है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved