नई दिल्ली।मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स अपने आईपीओ लॉन्च के साथ ही एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड बना रही है।जहां आईपीओ ओपन होने के महज 100 मिनट में ये फुल सब्सक्राइब्ड हुआ,तो वहीं अब शेयर मार्केट डेब्यू के साथ मार्केट कैपिटल के लिहाज से जिओ प्लेटफॉर्म देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है।बता दें कि इस लिस्ट में पहले पायदान पर मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ही है।बता दें कि बुधवार को शेयर बाजार में भूचाल के बीच भी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर शानदार 21 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुए और निवेशकों को हर एक लॉट पर करीब 3000 रुपये की कमाई कराई है।
लिस्ट होते ही जिओ का मार्केट कैप
मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित डिजिटल सर्विस कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज पर 1,119 रुपये के अपने आईपीओ प्राइस के मुकाबले 21.40 फीसदी से ज्यादा के प्रीमियम पर लिस्ट हुए।इनका मार्केट डेब्यू 1358 रुपये प्रति शेयर पर हुआ,इसके साथ ही मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से यह देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है,क्योंकि लिस्ट होने के साथ ही कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन 12,50,586.39 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
लगातार आईपीओ ने बनाए रिकॉर्ड
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने लॉन्च के बाद से ही एक के बाद एक कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं,जहां आम निवेशकों के लिए ओपन होने से महज 100 मिनट के अंदर ये फुल सब्सक्राइब्ड हो गया, तो वहीं जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ।पब्लिक इश्यू और एंकर इन्वेस्टर प्लेसमेंट में कुल डिमांड 7.4 लाख करोड़ रुपये को पार कर गई और आवेदनों की संख्या 1.39 करोड़ तक पहुंच गई, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इसके साथ ही ये कंपनी देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई है।
जियो प्लेटफॉर्म्स में आरआईएल की हिस्सेदारी
बता दें कि देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की लिस्ट में पहले से ही नंबर-1 पायदान पर मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का दबदबा लंबे समय से कायम है,इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 16 लाख करोड़ रुपये के आसपास है।बुधवार को शेयर मार्केट डेब्यू करने वाली जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस की 66.4 फीसदी हिस्सेदारी है।
शेयर बाजार क्रैश, जिओ ने दिखाया दम
जियो प्लेटफॉर्म शेयर ऐसे समय में लिस्ट हुए हैं, जबकि शेयर बाजार क्रैश था।बुधवार को सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स में ओपनिंग के साथ ही बड़ी गिरावट देखने को मिली।बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा टूटकर कारोबार कर रहा था, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 200 अंक से ज्यादा फिसलकर ट्रेड कर रहा था,लेकिन बाजार में मचे कोहराम के बीच भी मुकेश अंबानी के जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने दम दिखाया और निवेशकों को कमाई कराई।