ट्रंप की हार से हिला एलन मस्क का साम्राज्य,दौलत में भारी गिरावट,बिखरे टेस्ला-स्पेस के शेयर


ट्रंप की हार से हिला एलन मस्क का साम्राज्य,दौलत में भारी गिरावट,बिखरे टेस्ला-स्पेस के शेयर

मनोज बिसारिया | 05 Nov 2026

 

नई दिल्ली।अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार से विश्व के सबसे अमीर अरबपति एलन मस्क को बड़ा नुकसान हुआ है। चुनाव नतीजे के बाद एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला और स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज के शेयरों में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। इन कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू में लगभग 130 अरब डॉलर की कमी आ गई। इसका असर एलन मस्क के नेटवर्थ पर भी पड़ा।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मस्क का नेटवर्थ एक दिन में 33 बिलियन डॉलर या 3.7 फीसदी टूटकर 865 बिलियन डॉलर पर आ गया। हालांकि वह अब भी विश्व के सबसे रईस अरबपति बने हुए हैं। उनके बाद अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस हैं लेकिन दोनों के बीच दौलत में करीब 500 बिलियन डॉलर का अंतर है।

बता दें कि एलन मस्क को रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप का करीबी माना जाता है।मस्क रिपब्लिकन पार्टी के एक प्रमुख डोनर (चंदा देने वाले) रहे हैं। इसके अलावा उनका कारोबारी साम्राज्य टेक्सास में स्थित है और यहां डेमोक्रेट्स ने अप्रत्याशित जीत हासिल की है। टेक्सास के अलावा पूरे देश में डेमोक्रेट्स की इस बड़ी जीत ने एलन मस्क के जोखिम को और बढ़ा दिया है।

चुनाव से पहले बाजार के जानकारों ने आशंका जताई थी कि डेमोक्रेटिक पार्टी का मजबूत प्रदर्शन मस्क की कंपनियों के लिए नियामकीय चुनौतियां बढ़ा सकता है। इससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास से जुड़े नियम सख्त होने,मस्क की कारोबारी गतिविधियों की जांच बढ़ने और टेस्ला-स्पेसएक्स के बीच प्रस्तावित संभावित विलय की राह में बाधाएं आने की आशंका है।

टेक्सास में डेमोक्रेट्स की जीत से मस्क के राजनीतिक विरोधियों को उनके कारोबार से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए ज्यादा अवसर मिल सकते हैं। खास बात यह है कि राज्य स्तर पर होने वाली ऐसी कार्रवाई को रोकने के लिए अब केवल व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति के संभावित वीटो पर निर्भर नहीं रहा जा सकता।

बता दें कि टेस्ला और स्पेसएक्स दोनों का मुख्यालय टेक्सास में है। यहां नवनिर्वाचित गवर्नर जीना हिनोजोसा ने डेटा सेंटरों के बेतहाशा विस्तार के विरोध के मुद्दे पर चुनाव लड़ा था। एलन मस्क की बात करें तो उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को लगभग 450 मिलियन डॉलर दिए हैं। इसमें से अकेले टेक्सास के चुनावों के लिए 205 मिलियन डॉलर दिए गए हैं। इसके अलावा, एलन मस्क ने अपने एक्स फॉलोअर्स से डेमोक्रेट्स के खिलाफ वोट करने की अपील की है।

चुनाव में मिली हार से डोनाल्ड ट्रंप के कारोबारी साम्राज्य को भी झटका लगा है।ट्रंप की अनुमानित 6.4 अरब डॉलर की संपत्ति में से 2.5 फीसदी से कुछ अधिक का नुकसान हुआ। ट्रंप मीडिया के शेयर गिरकर 4.46 डॉलर के अब तक के सबसे निचले इंट्राडे स्तर पर आ गए और अंत में 4.49 डॉलर पर बंद हुए। इस साल अब तक इसके शेयरों में 66% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved