नई दिल्ली।पाकिस्तान के बाद अब बांग्लादेश में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।महंगाई से पाकिस्तान और बांग्लादेश में हाहाकार मचा है।बांग्लादेश में 2 महीने में घरेलू सिलेंडर के दाम 475 टका (375 रुपये)बढ़े हैं। बांग्लादेश में अब 12 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर भारतीय रुपये में 1553 रुपये का हो गया है।पाकिस्तान में 12 किलो के एक सिलेंडर के दाम कुछ ही दिनों में 4,500 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर लाहौर में करीब 7,500 रुपये पर पहुंच गया। भारत में जून से राहत बरकरार है।
बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार के मुताबिक...
बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार के मुताबिक महंगाई और गैस की किल्लत के बीच घरेलू एलपीजी सिलेंडर खरीदना लोगों के लिए लगातार महंगा होता जा रहा है।सरकार की ओर से कीमतें बढ़ाए जाने के बावजूद बाजार में उपभोक्ताओं को निर्धारित दर से भी ज्यादा पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।बांग्लादेश एनर्जी रेगुलेटरी कमीशन ने नवंबर के लिए 12 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की आधिकारिक कीमत 223 टका बढ़ाकर 2,060 टका कर दी है।इससे पहले अक्टूबर में भी सिलेंडर की कीमत में 252 टका की बढ़ोतरी की गई थी। इस तरह महज दो महीने में 12 किलो के सिलेंडर के दाम 475 टका बढ़ चुके हैं।
बाजार में सिलेंडर 2,200 से 2,600
कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है।बाजार में कई जगह 12 किलो का सिलेंडर 2,200 से 2,600 टका तक बेचा जा रहा है। यानीलोगों को सरकारी निर्धारित कीमत से 400 से 500 टका तक ज्यादा चुकाने पड़ रहे हैं।गैस विक्रेताओं का कहना है कि उन्हें ही डिस्ट्रीब्यूटर से महंगी दर पर सिलेंडर मिल रहे हैं। ऐसे में रिटेल कारोबारियों के लिए निर्धारित कीमत पर गैस बेचना मुश्किल हो रहा है। उपभोक्ता संगठनों ने आरोप लगाया है कि बाजार में फर्जी किल्लत, जमाखोरी और मनमानी कीमत वसूली जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे में नियामक आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
भारत में राहत,जून के बाद से ही राहत
रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी से भारत के दोनों पड़ोसी देश कराह रहे हैं,वहीं भारत में राहत है।कमर्शियल सिलेंडर के रेट भले ही यहां हर महीने बदल रहे हों,लेकिन ईरान युद्ध की शुरुआत से अब तक दिल्ली में घरेलू सिलेंडर के दाम करीब 89 रुपये बढ़े।जून के बाद से तो कीमतों में कोई बदलाव ही नहीं हुआ है।घरेलू एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में आज 11 नवंबर को भी 942 रुपये का है।भारत के घरेलू सिलेंडर में गैस भी दोनों देशों के घरेलू सिलेंडर से 2.14 किलो अधिक है। यह आज की डेट में 2743 पाकिस्तानी रुपये के बराबर है। भारत का 1 रुपये पाकिस्तान के 2.91 रुपये के बराबर है और 1 बांग्लादेशी टका 0.7541 रुपये के बराबर है।