दीपोत्सव ने बदली रामनगरी की तस्वीर,होमस्टे फुल हुए तो स्थानीय परिवारों की बढ़ी कमाई,सात दिनों में 15 लाख पहुंचे पर्यटक


दीपोत्सव ने बदली रामनगरी की तस्वीर,होमस्टे फुल हुए तो स्थानीय परिवारों की बढ़ी कमाई,सात दिनों में 15 लाख पहुंचे पर्यटक

धनंजय सिंह | 11 Nov 2026

 

अयोध्या।रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव ने इस बार आस्था और संस्कृति के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार दिया है। 36 लाख दीपों की रोशनी और 2100 ड्रोन्स के भव्य शो ने देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित किया।सबसे अधिक फायदा होटल और होमस्टे कारोबार को मिला है।पर्यटकों ने स्थानीय परिवारों द्वारा संचालित होमस्टे में ठहरना पसंद किया,जिससे कई परिवारों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

सात दिनों में पहुंचे 15 लाख पर्यटक

एक से सात नवंबर के बीच रामनगरी अयोध्या में 15 लाख पर्यटक पहुंचे।पिछले साल पर्यटकों की संख्या आठ लाख से कुछ अधिक थी।वहीं रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पांच लाख से बढ़कर लगभग 10 लाख तक पहुंच गई।पर्यटकों की इस रिकॉर्ड वृद्धि ने स्थानीय बाजार, परिवहन,भोजन और आवास कारोबार को बड़ा लाभ पहुंचाया है।

होमस्टे में रही शत-प्रतिशत बुकिंग

श्रीरामदूत निवास होमस्टे के संचालक वासुदेव मौर्य ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके कारोबार में सामान्य दिनों की तुलना में 120 से 130 प्रतिशत तक वृद्धि हुई।सभी कमरे पहले से बुक रहे।महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आए पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया।घर का भोजन,पारिवारिक माहौल और स्थानीय आतिथ्य उनके लिए खास आकर्षण रहा।कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम ने बताया कि उनके यहां भी पूरे उत्सव के दौरान कमरे भरे रहे।परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों ने घर में बना भोजन पसंद किया और कई मेहमानों ने यहां के माहौल को अपने रिश्तेदार के घर जैसा बताया।

परिवारों और महिलाओं के लिए बना आय का जरिया

पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे। कई पर्यटकों ने अपना ठहराव बढ़ाया।पूनम ने बताया कि इस कारोबार की बदौलत उनके परिवार को आय का नया स्रोत मिला।इतना ही नहीं,उनके बेटे ने दूसरे शहर में नौकरी करने के बजाय अयोध्या में रहकर पारिवारिक कारोबार से जुड़ने का फैसला किया,इससे दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है।

पर्यटन से बदल रही स्थानीय अर्थव्यवस्था

द रामा जंक्शन की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि सेना से सेवानिवृत्त उनके पति के लिए होमस्टे अब आय का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।दीपोत्सव के दौरान उनके यहां भी सभी कमरे बुक रहे और दक्षिण भारत से आए पर्यटकों ने ठहराव किया।बता दें कि दीपोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं रह गया है,यह स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार का बड़ा माध्यम बन रहा है।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved