नई दिल्ली।महंगाई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ पूरे देश में बवाल काट रही है।सरसों के तेल से लेकर आटा,चावल,दाल के रेट आसमान छू रहे हैं।दूध में उबाल है।चीनी पहले से ही कड़वी हो रखी है।उपाभोक्ता मंत्रालय की वेबसाइट पर दिए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली,मुंबई,चेन्नई और कोलकाता में चना दाल से लेकर मूंग दाल तक महंगाई की पिच पर शतक लगा चुकी हैं।भू-राजनीतिक तनाव,व्यापार में रुकावट,माल ढुलाई की बढ़ती लागत और प्रमुख उत्पादक देशों में खराब मौसम के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ रही हैं।
दिल्ली में चना दाल एक साल में 88 से 100 रुपये
दिल्ली में चना दाल एक साल में 88 से 100 रुपये, मुंबई में 97 से 118 रुपये और चेन्नई में 82 से 105 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है।रांची में शतक से केवल 1 रुपया दूर 99 पर है।अरहर दाल की बात करें तो इसमें सबसे अधिक उछाल देखने को मिल रही है।दिल्ली में एक साल पहले महज 106 रुपये किलो बिकने वाली अरहर दाल अब 150 रुपये किलो पर पहुंच गई है। मुंबई में 157, कोलकाता में 150, चेन्नई में 147 और रांची में 144 रुपये किलो पर पहुंच गई है। उड़द भी दिल्ली 150 रुपये किलो है। एक साल में इसमें 20 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। मूंग दाल भी 110 से 120 पर पहुंच गई है। रांची में यह 112 रुपये किलो है।
क्या कर रही सरकार
भारत विश्व में दालों का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता है। देश में हर साल लगभग 3 करोड़ टन दालों की मांग होती है,जिसमें लगभग 20 फीसदी हिस्सा आयात से पूरा किया जाता है।सप्लाई बनाए रखने के लिए सरकार ने तूर यानी अरहर और उड़द के ड्यूटी फ्री इंपोर्ट की अनुमति 31 मार्च 2027 तक दी है। वहीं चना और मसूर के आयात पर 10 फीसदी और पीली मटर पर 30 फीसदी शुल्क लागू है।
उबल रहे तेल के दाम
एक ही महीने में पाम ऑयल को छोड़ सभी खाद्य तेलों के दाम में तेजी है।सबसे अधिक तेजी सरसों के तेल में देखने को मिल रही है। एक महीने में सरसों तेल का भाव 4.15 फीसदी महंगा होकर 215.43 रुपये किलो पर पहुंच गया है। जबकि, पिछले साल के मुकाबले यह 15.46 फीसदी महंगा हुआ है।दिल्ली में सरसों तेल एक साल में 33 रुपये महंगा होकर 227 पर पहुंच गया है। मूंगफली का तेल 203 से 227, सोया ऑयल भी 168 से 181 रुपये किलो पर पहुंच गया है। सबसे महंगा सरसों तेल चेन्नई में 258 रुपये किलो है। जबकि रांची में 224, मुंबई में 256 और कोलकाता में 235 रुपये किलो है।
आटा,चावल और चीनी के भाव
महंगाई की मार सबसे अधिक चीनी पर पड़ी है। चीनी एक साल में 32 फीसदी महंगी हुई है,जबकि इसी अवधि में चावल के रेट में लगभग 15 फीसदी का उछाल आया है।गेहूं के दाम लगभग 3 फीसदी ही बढ़े हैं।दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और रांची में चीनी के भाव 63 से 69 रुपये प्रति किलो हैं।
सरकार ने उठाया ये कदम उठाया
चावल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने कदम उठाया है। 6 नवंबर को ओपन मार्केट सेल स्कीम के तहत चावल बिक्री का लक्ष्य 25 लाख टन से बढ़ाकर 50 लाख टन कर दिया गया।सरकार के मुताबिक 31 अक्टूबर तक ई-नीलामी के जरिए 25 लाख टन चावल बेचा जा चुका था। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 11 लाख टन था। इसके अलावा चावल और धान के कारोबारियों, थोक विक्रेताओं, खुदरा विक्रेताओं और प्रोसेसर के लिए हर सप्ताह स्टॉक की जानकारी देना अनिवार्य किया गया है।
दूध के दाम में उफान
दूध के दाम में उफान आ चुका है। पिछले एक साल से दूध की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी का घरेलू बजट बिगाड़ कर रख दिया है।अमूल,मदर डेयरी और नंदिनी जैसी प्रमुख डेयरी कंपनियों ने एक साल में अब तक दूध की कीमतों में 8 रुपये तक बढ़ोतरी कर चुकी हैं।मदर डेयरी का पैकेट वाला टोंड दूध अब 60 की जगह 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गई है। महंगे होते दूध का असर यह हुआ कि घी, बटर और क्रीम भी पहले के तुलना में महंगा हुए।
बता दें कि देश में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई।यह पहली बार है जब नई कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स सीरीज में महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक की 6 फीसदी की अधिकतम सीमा को पार कर गई है। आरबीआई ने महंगाई के लिए 2 से 6 फीसदी का दायरा तय किया है। अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 8.94 फीसदी हो गई, जबकि सितंबर में यह 7.74 फीसदी थी।