रुपये की मजबूती और शेयर बाजार की तेजी से घबराया अमेरिका,क्या भारत की आर्थिक कामयाबी से परेशान हैं ट्रंप


रुपये की मजबूती और शेयर बाजार की तेजी से घबराया अमेरिका,क्या भारत की आर्थिक कामयाबी से परेशान हैं ट्रंप

मनोज बिसारिया | 27 Nov 2026

 

नई दिल्ली।मजबूत होता रुपया और बढ़ते शेयर बाजार ने क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बेचैन कर दिया है।ट्रंप प्रशासन ने इस बार विश्व के 14 देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी है,इसमें भारत भी शामिल है।अपने दूसरे कार्यकाल में ट्रंप भारत की राह में लगातार कांटे बिछाते रहे हैं,इस बार ट्रंप टैरिफ वाला पुराना कांटा नये सिरे से बिछाने वाले हैं।

ट्रंप अगर नया टैरिफ लगाते हैं तो इसमें भारत का ज्यादा नुकसान है या अमेरिका का

ट्रंप अगर नया टैरिफ लगाते हैं तो इसमें भारत का ज्यादा नुकसान है या अमेरिका का।सवाल ये भी है कि क्या भारत की इकोनॉमी से जुड़े अच्छे आंकड़ों ने ट्रंप को बेचैन कर दिया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने भारत समेत 14 देशों पर नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है,इसके तहत भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा।

भारत पर व्यापार समझौता करने के लिए दबाव डालने की कोशिश

चीन,सिंगापुर और वियतनाम पर 20 फीसदी टैरिफ लगाने की बात कही गई है।ये पहले लगाए गए टैरिफ से अतिरिक्त होगा। इस तरह चीन पर टैरिफ 45 फीसदी तक पहुंच जाएगा, जबकि वियतनाम पर 35 फीसदी,बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया,मलेशिया और थाईलैंड पर 18 फीसदी टैरिफ लगेगा।वहीं चौथी कैटेगरी में यूरोपियन यूनियन, जापान, साउथ कोरिया,स्विट्जरलैंड और ताइवान हैं,जिन पर 15 फीसदी टैरिफ का प्रस्ताव है।टैरिफ को लेकर एक शर्त भी रखी गई है।अगर भारत अमेरिका के साथ व्यापार समझौता कर लेता है तो 25 की जगह 17 फीसदी टैरिफ लगेगा।यानी ट्रंप टैरिफ का इस्तेमाल करके भारत पर व्यापार समझौता करने के लिए दबाव डालने की कोशिश कर रहे हैं।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा हुई थी फरवरी में 

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा फरवरी में ही हुई थी,लेकिन बार-बार अमेरिका की नीतियों में बदलाव से अंतिम सहमति अभी तक नहीं बन पाई है। अमेरिका कुछ सेक्टर में रियायत चाहता है,जिसके लिए भारत तैयार नहीं है,ऐसे में व्यापार समझौते के नाम पर कम टैरिफ लगाने का इरादा दिखाकर अमेरिका-भारत को इस समझौते के लिए तैयार करना चाहता है।फिलहाल इस नए टैरिफ के लागू होने की कोई तारीख अभी तय नहीं की गई है,इस पर आपत्तियां मांगी गई हैं।फिर जनवरी के आख़िर में सुनवाई के बाद फ़ैसला होगा।यानी सब कुछ तय प्रक्रिया के मुताबिक हुआ तो ये टैरिफ अगले साल फरवरी में लागू होगा।

भारतीय सामानों पर 10% टैरिफ

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के द्वारा पिछले साल लागू ट्रंप के टैरिफ को अवैध करार देने के बाद फिलहाल भारतीय सामानों पर अमेरिका 10 फीसदी टैरिफ लगाता है,उसकी तुलना में 25 फीसदी काफ़ी ज़्यादा है।व्यापार समझौते के बाद भी 17 फीसदी टैरिफ लगेगा,जो मौजूदा रेट से ज़्यादा है।जिस टैरिफ को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट संविधान के ख़िलाफ बता चुका है। वही टैरिफ फिर से लाने के लिए ट्रंप ने क्या तैयारी की।सुप्रीम कोर्ट में अपनी हार से बचने के लिए ट्रंप इस बार नया क़ानून लेकर आए हैं।पिछली बार ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम क़ानून के तहत टैरिफ लगाया था। इस बार व्यापार कानून की धारा 301 के तहत ये प्रस्ताव लाया गया है।टैरिफ का प्रस्ताव लाने से पहले 8 महीने तक बाकायदा जांच भी की गई ताकि ये दिखाया जा सके कि ये फ़ैसला अचानक नहीं लिया गया।यानी इस बार ट्रंप ने क़ानूनी फटकार से बचने के लिए अलग रास्ता अपनाया है।

ट्रंप दिखाना चाहते हैं कि टैरिफ लगाना अमेरिका के लिए क्यों है जरूरी 

अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि भारत जरूरत से ज़्यादा मैन्युफैक्चरिंग कर रहा है और उसे कम क़ीमत पर दुनिया को बेच रहा है,इससे अमेरिकी कंपनियों को नुक़सान होता है और उनके लिए मुक़ाबला करना मुश्किल हो रहा है।अमेरिका नहीं चाहता कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाएं सफल हों और भारतीय कंपनियां बड़े पैमाने पर उत्पादन करें।अमेरिका की कंपनियां भारत से मुक़ाबला नहीं कर पा रही हैं तो ट्रंप उनको टैरिफ का सहारा दे रहे हैं। हालांकि भारत ने ट्रंप प्रशासन के इन आरोपों को खारिज कर दिया है।भारत की तरफ से कहा गया है कि किसी भी सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।साथ ही भारत ने ये भी साफ किया कि भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए बातचीत कर रहे हैं और व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में किया जाना चाहिए।

भारत सबसे ज़्यादा निर्यात अमेरिका को करता है

भारत सबसे ज़्यादा निर्यात अमेरिका को करता है।भारत के कुल निर्यात का लगभग 20 फीसदी अमेरिका के बाज़ार में जाता है।अगर अमेरिका टैरिफ बढ़ाएगा तो इससे भारतीय सामान महंगे होंगे,इसकी वजह से भारतीय प्रोडक्ट की डिमांड कम होगी।आज आपको अमेरिकी टैरिफ बढ़ने के बाद भारत पर पड़ने वाले असर के बारे में भी जानना चाहिए।साथ ही ये भी पता होना चाहिए कि पिछली बार अमेरिका के टैरिफ बढ़ाने से भारत पर क्या प्रभाव पड़ा था और अमेरिका के लोगों को क्या नुक़सान उठाना पड़ा,लेकिन उससे पहले आपको इस महीने भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए आई कुछ खबरों के बारे में भी पता होना चाहिए।

शेयर बाजार ने पूरी दुनिया में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया

नवंबर महीने में भारत के शेयर बाजार ने पूरी दुनिया में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है।जब अमेरिका,जापान और दक्षिण कोरिया के बाजार में भारी गिरावट आई है, उस समय भारत के बाजार ने ज़ोरदार बढ़त हासिल की।भारतीय बाजार ने जहां 12 से 15 फीसदी तक की बढ़त हासिल की है,वहीं अमेरिका के बाजार में 11 फीसदी तक की गिरावट आई है।जापान के बाजार में 13 फीसदी और साउथ कोरिया के शेयर मार्केट में 16 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है‌।चीन का बाजार भी 7 फीसदी गिरा है।नवंबर महीने में विदेशी निवेशकों ने भी भारत के बाजार में रिकॉर्ड पैसा लगाया है।विदेशी निवेशकों ने नवंबर में 1 लाख 45 बाजार करोड़ रुपये का निवेश किया है,जो अब तक का रिकॉर्ड है।यानी जो निवेशक पिछले कुछ महीनों में भारतीय बाजार से दूर चले गए थे, वो फिर से लौट आए हैं।नवंबर में ही रुपया एशिया में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली करेंसी बना है।करेंसी मार्केट में रुपया 8 महीने के हाई पर पहुंच गया है,इससे पहले अक्टूबर महीने में भारत का कुल निर्यात 30 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 90 अरब डॉलर यानी सवा 8 लाख करोड़ के पार पहुंच गया।ये भी एक रिकॉर्ड है,इन सबके अलावा हम पहले ही आपको बता चुके हैं कि भारत की GDP ग्रोथ दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था में सबसे ज़्यादा रहेगी।यानी ट्रंप की तरफ से टैरिफ की ये धमकी उस समय दी गई है जब भारतीय इकोनॉमी के लिए एक साथ कई अच्छी खबरें आई हैं।यहां तक कि जिस ट्रंप ने पिछले साल भारत की इकोनॉमी को डेड बताया था,उसी ट्रंप ने पिछले हफ़्ते भारत की GDP ग्रोथ का उदाहरण दिया था।अमेरिका को भारत से सीख लेने की सलाह दी थी।

ट्रंप भारत की राह में रुकावट

सीखने के बदले डोनाल्ड ट्रंप भारत की राह में रुकावट डालने की कोशिश कर रहे हैं।अपनी लकीर बड़ी करने के बजाय ट्रंप ने फिर से दूसरों की लकीर छोटी करने की कोशिश की है। ट्रंप का मकसद भारत से अमेरिका को होने वाले निर्यात में कमी लाकर भारत के बढ़ते कदम को रोकना है।पिछले साल भी इसी तरह ट्रंप ने टैरिफ का सहारा लेकर भारत को रोकने की कोशिश की थी।अप्रैल में ट्रंप ने 10 फीसदी टैरिफ लगाया, जुलाई में उसे बढ़ाकर 25 फीसदी कर दिया। रूस से तेल खरीदने की वजह से अगस्त में 25 फीसदी एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया,जिससे भारत पर कुल टैरिफ बढ़कर 50 फीसदी हो गया।इसकी वजह से सितंबर से फरवरी के दौरान टैरिफ रद्द होने तक अमेरिका को भारत के निर्यात में लगभग 20 फीसदी की गिरावट आई।हालांकि इसके बावजूद पिछले वित्तीय वर्ष में भारत ने अमेरिका को 87 अरब डॉलर यानी लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का निर्यात किया।इसमें लगभग 1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई,जबकि उससे पिछले साल निर्यात में लगभग 12 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी।यानी अमेरिकी टैरिफ की वजह से भारत का निर्यात उम्मीद के मुताबिक नहीं हो सका, लेकिन इसका दूसरा पहलू ये है कि नुकसान सिर्फ भारतीय निर्यातकों को नहीं हुआ।अमेरिका के आम लोगों,आयातकों और ख़ुद अमेरिकी अर्थव्यवस्था भी इससे बच नहीं सकी।

अमेरिका के मशहूर अर्थशास्त्री एलन ग्रीनस्पैन के मुताबिक... 

अमेरिका के मशहूर अर्थशास्त्री एलन ग्रीनस्पैन के मुताबिक टैरिफ अर्थव्यवस्था पर हमला है,इसकी वजह से दोनों पक्ष हारते हैं।ट्रंप के इस टैरिफ वॉर के साथ भी यही हुआ।टैरिफ पॉलिसी के कारण 2025 में प्रति अमेरिकी परिवार औसत बोझ लगभग 1,000 डॉलर बढ़ गया।अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व के मुताबिक टैरिफ के कारण अमेरिका में जरूरी सामानों की क़ीमत में 3 फीसदी से ज़्यादा की अतिरिक्त बढ़ोतरी हुई।

भारत अमेरिका को झींगा मछली का सबसे बड़ा सप्लायर

भारत अमेरिका को झींगा मछली का सबसे बड़ा सप्लायर है। टैरिफ से अमेरिकी बाजार में झींगे की कीमत 15 से 20 फीसदी तक बढ़ गई।दवाओं और मेडिकल उपकरणों के दाम में बढ़ोतरी से इलाज के खर्च में 4 फीसदी का उछाल आया। शुरुआती दौर में अमेरिकी कंपनियों ने टैरिफ का बोझ उठाया, इसकी वजह से अमेरिकी कंपनियों के मुनाफे में कमी आई है।
मिड टर्म चुनाव में ट्रंप की पार्टी को मिली बुरी हार के पीछे उनकी टैरिफ पॉलिसी भी है। ट्रंप ने टैरिफ का इस्तेमाल दूसरे देशों को सबक सिखाने के लिए किया,लेकिन अमेरिका के लोगों ने अपनी जेब पर पड़ने वाले असर को देखा,इसके बावजूद ट्रंप एक बार फिर टैरिफ की नई किस्त लेकर आ गए हैं।


add

अपडेट न्यूज


भारत से सुपरहिट
Beautiful cake stands from Ellementry

Ellementry

© Copyright 2019 | Vanik Times. All rights reserved